CG : कालेजों-विश्वविद्यालयों में खुलेंगे रोजगारमूलक कोर्स, मंत्री ने दिए निर्देश

JJohar36garh News। राज्य के कालेजों-विश्वविद्यालयों में रोजगारमूलक शार्ट टर्म (कम अवधि वाले) कोर्स खोले जाएंगे। सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कुलपतियों व कालेज के प्राचार्यों की बैठक लेकर इसके लिए निर्देश दिए।

उन्होंने कहा है कि बस्तर और सरगुजा संभाग के दूरस्थ इलाकों में नए कालेज खोलना हमारी प्राथमिकता है, जिससे अनुसूचित जनजातीय इलाकों के विद्यार्थियों को उनके इलाके में ही उच्च शिक्षा हासिल करना सहज हो सके। उन्होंने कालेजों में बहु संकायी रोजगारमूलक सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम स्ववित्तीय मोड में प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि वर्तमान में एकल विषय पर आधारित संस्थानों को बहुविषयक संस्थान के रूप में उन्न्यन किया जाना चाहिए। भविष्य में बहु विषयक संस्थान ही खोले जाने पर जोर देते हुए सुकमा, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, पेंड्रा और जशपुर नगर में प्राथमिकता के आधार पर बहुविषय कालेज खोलने की बात कही।

मंत्री पटेल ने महानदी मंत्रालय भवन में हुई इस बैठक में सभी स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों को कार्ययोजना के अनुसार कंप्यूटर प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय कालेजों में नैक के मूल्यांकन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि नैक मूल्यांकन का कार्य राज्य के कालेजों में तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए शेष रहे गए कालेजों के मूल्यांकन के लिए निर्देश दिए गए हैं। वे शीघ्र ही नैक मूल्यांकन की तिथि निश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करेंगे। उन्होंने नैक मूल्यांकन की प्रगति के लिए अधिकारियों को बधाई दी। बैठक में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत नई शिक्षा नीति के अंतर्गत उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

See also  गाड़ी छुड़ाने के बदले 80 हजार की मांग, शिकायत मिलते ही प्रधान आरक्षक सस्पेंड

इन क्षेत्रों पर होगा फोकस

– केंद्रीयकृत आनलाइन कक्षाओं का होगा संचालन

– कालेजों में सकल दर्ज अनुपात में वृद्धि के लिए कार्ययोजना

– इंटर्नशिप एंबेडेड पाठ्यक्रम लागू करने पर होगा फोकस

– सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग और एकीकरण

– शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश