मां, भाई और बहन पर कुल्हाड़ी से हमला, फिर जहर खाकर की आत्महत्या, मां की मौत, भाई बहन गंभीर

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के आरापुर गांव में शनिवार की देर रात एक युवक ने अपनी मां, बहन और भाई पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला किया है। घटना में आरोपी की मां की मौके पर ही मौत हो गई और छोटी बहन तथा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए और घायलों को मेडिकल कॉलेज डिमरापाल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की प्रारंभिक जांच के बाद बस्तर एएसपी ओपी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना देर रात लगभग दो बजे की है। आरोपी सुरेंद्र कच्छ ने अपनी मां राधिका कच्छ, बहन सरिता कच्छ और भाई कृष्णा कच्छ पर अचानक कुल्हाड़ी से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मां को संभलने का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बहन और छोटे भाई ने बड़े भाई के हमले से खुद को बचाने की पूरी कोशिश की पर वे भी बुरी तरह घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कीटनाशक का सेवन कर स्वयं भी आत्महत्या कर लिया।

See also  CG : दोस्तों को भेजा रेलवे ट्रैक का रील, कूद गया 14 साल का लड़का ट्रेन के आगे, हुई मौत 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एएसपी ओपी शर्मा ने घटनास्थल की सूक्ष्मता से जांच कर मौके से एक पत्र भी बरामद किया है। यह पत्र आरोपी ने अपने चाचा को लिखा है, जिसमें उसने सभी से माफी मांगते हुए कहा है कि चाचाजी हमें माफ कर देना हम सब पिताजी के पास जा रहे हैं। घर पर बैग में कुछ पैसे रखे हैं उसे ले लीजिएगा आपके काम आयेंगे।

दरअसल आरोपी के पिता इनकम टैक्स विभाग में कार्यरत थे और 2019 में उनकी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। आरोपी का परिवार लंबे समय से राजनीति में भी सक्रिय रहा है। मृतक के चाचा मन्नूराम कच्छ क्षेत्र के पूर्व विधायक रह चुके हैं, वहीं आरोपी की छोटी बहन सरिता कच्छ भी जिला पंचायत सदस्य रह चुकी है।

घटना को लेकर पुलिस द्वारा सभी एंगल से जांच किया जा रहा है। हालांकि, परिवार के कुछ करीबियों के अनुसार बीते कुछ समय से व्यापार में लगातार नुकसान हो रहा था। दरअसल कच्छ परिवार के पास जिले में दो पेट्रोल पंप है और इसमें लगातार हो रहे नुकसान की वजह से उनपर कर्ज बढ़ गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि परिवार मानसिक तौर पर काफी दबाव में था और यही वजह है कि परिवार के बड़े पुत्र ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

See also  पिकअप से बचने के चक्कर में ट्रक के चपेट में आया बाईक, एक बालक की मौत