Johar36garh News|राजस्थान के जिले अजमेर में महिला द्वारा महिला को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर उसके साथ चार से पांच युवकों द्वारा गैंगरेप कराने का मामला सामने आया है। अजमेर के थाना रामगंज में एक महिला को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर महिला ने उसे बेहोश कर दिया और घर में ही बंधक बना लिया। इसके बाद महिला ने चार से पांच युवकों द्वारा पीड़िता का पांच दिन लगातार गैंगरेप कराया है। हालांकि, पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता ने पुलिस में दर्ज कराए बयान में बताया कि उसकी परिचित महिला ने उसे घर बुलाया था और उसके बाद उसे बंधक बनाकर इमरान और उसके चार अन्य साथियों ने लगातार उससे दुराचार किया। इस मामले को लेकर पीड़िता के पति ने तीन दिन पहले ही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पति ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनकी पत्नी बिना कुछ बताए ही घर से गायब हो गई है। वहीं, पीड़िता का भी मेडिकल कराया गया है, साथ ही आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
इस बारे में बात करते हुए रामगंज थाना प्रभारी सतेंद्र नेगी ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत की कि मुगलों की ढाणी में किराए पर रहने वाली जरीना से उसकी अच्छी खासी जान-पहचान है। जरीना ने 2 नवंबर को फोन कर उसे घर बुलाया था, वह उसे जानती थी, इसलिए उसके पास चली गई। लेकिन जरीना ने उसे नशीला पेय पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। वहीं, दूसरी और जरीना के घर में मौजूद इमरान सहित चार-पांच युवकों ने उसके साथ दुराचार किया। जब उसे होश आया तो उसने विरोध भी किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जरीना और उसके घर में मौजूद युवकों ने उसे कमरे में बंद कर दिया था। उन्होंने बंधक बनाकर उसके साथ 6 नवंबर तक सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। लेकिन 6 नवंबर की रात वह मौका देखकर वहां से भाग गई और अपने घर पहुंची।