CG : माशिमं ने 9वीं से लेकर 12वीं तक की तिमाही परीक्षा की रद्द, प्रश्न पत्र लीक होने के बाद लिया फैसला

तिमाही परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा तैयार किया गया प्रश्न पत्र लीक होने के बाद अब परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। अब स्कूल अपने स्तर पर परीक्षाएं ले सकेंगे। स्कूलों को अपने स्तर पर परीक्षाएं आयोजित करने की छूट दी गई है। माशिमं ने 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्रों का प्रश्न पत्र खुद तैयार किए थे। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही जिला शिक्षा अधिकारी को प्रश्न पत्र भेजे गए थे। माशिम द्वारा तैयार किया प्रश्नपत्र अधिकारियों की लापरवाही की वजह से लीक हो गया। जिसके बाद बोर्ड ने परीक्षा रद्द करने का फरमान जारी कर दिया।

इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव व माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष डॉ. आलोक शुक्ला ने सभी डीईओ के लिए संदेश जारी किया है। उन्होंने ने कहा कि- “अत्यंत खेद का विषय है कि अनेक न्यूज चैनलों पर यह खबर चल रही है कि तिमाही परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। कुछ वीडियो भी लीक पेपर बता कर यूट्यूब पर चल रहे हैं। तिमाही परीक्षा का पेपर केंद्रीकृत रूप से न आज तक बना है और न ही केंद्रीकृत बनाने की कोई आवश्यकता है। सभी DEO तत्काल सभी स्कूलों को सूचित करें कि यदि उन्हें कोई केंद्रीकृत पेपर तिमाही परीक्षा के लिए प्राप्त हुआ भी है तो उसका उपयोग कदापि न किया जाए।

See also  VIDEO : जांजगीर नैला में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

आप सभी को निर्देशित किया जाता है कि तिमाही परीक्षा के लिए पेपर सेटिंग स्कूल स्तर पर ही किया जाएगा। किसी केंद्रीकृत पेपर का उपयोग नही किया जाएगा। तिमाही परीक्षा का टाइम टेबल भी केंद्रीकृत नही होगा। टाइम टेबल भी स्कूल स्तर पर ही निर्धारित किया जाएगा परंतु यह ध्यान रखा जाएगा कि सभी स्कूलों में तिमाही परीक्षा अनिवार्य रूप से 10 अक्टूबर तक पूर्ण कर ली जाए। ऐसा करने से स्कूल स्तर पर पेपर सेटिंग के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा।

पेपर छपवाने की आवश्यकता नहीं है। पेपर को चाक से ब्लैक बोर्ड पर लिखा जाएगा जैसा पूर्व में किया जाता रहा है। उत्तर पुस्तिका भी छपवाने की आवश्यकता नही है। विद्यार्थी उत्तर अपनी विषय की कॉपी में लिखेंगे और स्कूल के शिक्षक कॉपी जांच कर विद्यार्थियों को देंगे। तिमाही परीक्षा का उद्देश्य पास या फेल करना नहीं है, बल्कि वार्षिक परीक्षा की अच्छी तैयारी कराना है। इस बात का ध्यान विशेष रूप से रखें कि जो पेपर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है उसका उपयोग कदापि न करें। सभी DEO सभी स्कूलों को तत्काल सूचित कर के इस ग्रुप में भी मेसेज डालें।

See also  CG : पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, कई हिस्सों में बटा शरीर, ट्रक ने मारी थी टक्कर