न्यूजीलैंड की हार ने पलटा गेम, पाकिस्तान के लिए खुला सेमीफाइनल का रास्ता

नई दिल्ली
इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर रोमांचक जीत के चलते पाकिस्तानी टीम आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब भी मजबूती से बरकरार है. 28 फरवरी (शनिवार) को पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तानी टीम को श्रीलंका का सामना करना है. इस मुकाबले के जरिए ही ग्रुप-2 से सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी. पाकिस्तानी टीम को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत की जरूरत होगी, ताकि उसका नेट रनरेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो जाए.

पाकिस्तान यदि पहले बैटिंग करता है तो उसे श्रीलंका को कम से कम 64 रन से हराना होगा. अगर वो लक्ष्य का पीछा कर रहा है तो उसे 13.1 ओवर में मैच खत्म करना होगा. अगर पाकिस्तान ऐसा करने में नाकाम रहता है, तो न्यूजीलैड की टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. यानी नेट रन रेट के कारण यह मुकाबला बेहद अहम हो गया है.

See also  जेसिका पेगुला अमेरिकी ओपन क्वार्टर फाइनल में, सामना क्रेसिकोवा से

पाकिस्तान का नेट रनरेट -0.461 है. वहीं न्यूजीलैंड का नेट रनरेट 1.390 है. न्यूजीलैंड के 3 और पाकिस्तान के 1 अंक हैं. पाकिस्तान के लिए यह 'करो या मरो' की स्थिति है, जबकि न्यूजीलैंड की नजरें मैच के नतीजे पर टिकी होंगी. यदि मुकाबला धुलता है तो भी न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल में एंट्री हो जाएगी. इंग्लैंड 6 अंकों के साथ ग्रुप-2 में टॉप पर रहा.

समीकरण के मुताबिक यदि न्यूजीलैंड यदि सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च को निर्धारित है. अब देखना दिलचस्प होगा कि पल्लेकेले में पाकिस्तान बड़ा उलटफेर कर पाता है या न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल की टिकट पक्की करती है.

न्यूजीलैंड की टीम एक समय इंग्लैंड के खिलाफ काफी मजबूत स्थिति में थी. 16.5 ओवर तक इंग्लैंड का स्कोर 6 विकेट पर 117 रन था. यहां से रेहान अहमद (नाबाद 19) और विल जैक्स (नाबाद 32) ने संयम और समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए 44 रनों की निर्णायक साझेदारी कर दी. इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया. बता दें कि कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हुए इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे.

See also  WPL 2026: पांच बार वर्ल्ड कप जीतने वाली मेग लैनिंग को यूपी वॉरियर्स ने बनाया अपना नया कप्तान

इंग्लैंड ने पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी. हालांकि इस नतीजे ने ग्रुप-2 के बाकी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं. समीकरण साफ है- पाकिस्तान अगर बड़े अंतर से जीतता है तो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो न्यूजीलैंड ग्रुप-2 से दूसरी टीम के रूप में सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी. अब सबसे बड़ी नजरें पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मुकाबले पर टिकी है, जो तय करेगा कि इंग्लैंड के साथ अंतिम चार में कौन पहुंचेगा.