ऑनलाइन क्लास में अधिक से अधिक विद्यार्थी शामिल करें – कलेक्टर

Johar36garh (Web Desk)|कलेक्टर यशवंत कुमार ने आज नगर पंचायत सारागांव के बीडीएम शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला और जेडीएम शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला का निरीक्षण करते हुए उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी और प्राचार्य से कहा कि ऑनलाइन कक्षाओं में अधिक से अधिक विद्यार्थी शामिल हों यह सुनिश्चित करें। ऑनलाइन कक्षाएं नियमित रूप से हो इसके लिए शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित होकर आनलाइन कक्षाएं संचालित करने कहा। ऐसे छात्र जो किसी कारण से ऑनलाइन कक्षाओं से नहीं जुड़ पा रहे है, उनसेे संपर्क कर ऑनलाइन क्लास में जुड़ने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री तीर्थराज अग्रवाल, चांपा एसडीएम श्री बजरंग दुबे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

    कलेक्टर ने बीडीएम हाई स्कूल के जर्जर हो चुके भवन की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए। उन्होंने भवन के स्कूल परिसर का सौंदर्यीकरण करने, खेल मैदान को उपयोगी बनाने और नवनिर्मित भवन को उपयोग में लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि स्कूल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो। उपलब्ध संसाधन बिना उपयोग के नष्ट न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने खंड शिक्षा अधिकारी के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण करते रहे। स्कूल परिसर में 3 वर्ष पूर्व  बनाए गए नए भवन के उपयोग नहीं होने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
   कलेक्टर ने मध्यान भोजन का राशन वितरण, विद्यार्थियों के अनुपात में शिक्षकों की पदस्थापना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिस विषय के शिक्षकों की कमी है इसके लिए पदस्थ शिक्षकों को राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत प्रशिक्षित करने को कहा।
See also  छत्तीसगढ़ का बेटा आसमान में भरेगा उड़ान, बनेगा ‘सूर्यकिरण’ की शान