JJohar36garh News|छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शनिवार शाम एक पिकअप और ऑटो की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि ऑटो ड्राइवर समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतकों में एक युवती और 15 साल की बच्ची सहित एक ही परिवार की 3 महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद ड्राइवर पिकअप छोड़कर भाग निकला। हादसा भानपुरी थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, एक ऑटो से बच्ची सहित 6 महिलाएं देवड़ा साप्ताहिक बाजार में सामान खरीदने के लिए निकली थीं। थाने से करीब 10 किमी दूर चमिया-देवड़ा रोड पर ऑटो को सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मतीबाई कश्यप (50) पत्नी स्व. कुंजू राम और सनी कश्यप (60) पत्नी स्व. रघुनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।