बिलासपुर में जन्माष्टमी पर्व पर पुलिस पर हमला, फाड़ी वर्दी, पेट्रोलिंग गाड़ी पर किया पथराव, 10 आरोपियों को हिरासत में

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है. जिले के रतनपुर में जन्माष्टमी पर्व पर देर रात डीजे बंद कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर युवकों ने हमला कर दिया और झूमाझटकी करते हुए उनकी वर्दी तक फाड़ दी. इस दौरान युवकों ने पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पर पथराव भी कर दिया. वारदात के बाद तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है.

 

यह मामला रतनपुर के गांधीनगर का है. जन्माष्टमी पर सोमवार की रात रतनपुर में अलग-अलग जगहों पर युवकों की टोलियां मटकी फोड़ने निकली थी. इस दौरान डीजे की धुन पर युवक थिरकते हुए शहर भ्रमण कर रहे थे. अन्य समितियों ने मटकी फोड़ कार्यक्रम तय समय पर खत्म कर दी, लेकिन गांधी नगर में युवाओं की टोली देर रात तक डीजे बचाते हुए घूमते रहे.

 

देर रात थाने की पेट्रोलिंग टीम युवकों को डीजे बंद करने की समझाइश देने पहुंची. आरोप है कि इस दौरान युवक शराब के नशे में डीजे की धुन पर थिरक रहे थे और तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे. मना करने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों से हुज्जतबाजी करते हुए दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया, जिसके बाद हंगामा मचाने लगे. फिर झूमाझटकी करते हुए आरक्षकों को घेर लिया, और धक्कामुक्की करते हुए हाथापाई शुरू कर दी.

See also  छत्तीसगढ़-कोंडागांव में सर्च ऑपरेशन में दो IED बम किए डिफ्यूज, 40 जवानों की बच गई जान

 

हंगामा के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों का कॉलर पकड़ लिया और वर्दी तक फाड़ दी. पुलिस की गाड़ी में पथराव कर तोड़फोड़ भी कर दी. इधर हंगामे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस की गाड़ी देखकर युवक इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है. बिलासपुर एएसपी अर्चना झा ने बताया, इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. घटना की जांच की जा रही है.