आवारा कुत्ते ने मचाया आतंक, अचानक किए 4 लोगों पर किया हमला, 27 सेकंड में हो गई हमले की पूरी घटना, वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश में इंदौर के करीब महू तहसील से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक आवारा कुत्ते ने अपने घर के आंगन में बैठे एक ही परिवार के चार लोगों पर अचानक हमला कर दिया। इस दौरान उसने किसी की गर्दन दबोची, तो किसी के पैर पर काट लिया। उसने कुल चार लोगों पर अपने दांतों के निशान छोड़े।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते को लोगों पर लपकते व उन पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि गनीमत यह रही कि चारों लोग साथ में थे, इस वजह से मिलकर उन्होंने उसे वहां से खदेड़ दिया, वरना जिस तरह खूंखार होकर उसने हमला किया था, वह किसी एक के भगाने से नहीं भगता। यह घटना शुक्रवार को केवटी गांव में हुई और शनिवार को इस घटना का एक वीडियो वायरल हो गया।

इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें सफेद रंग का एक कुत्ता आंगन में बैठकर बातें कर रहे तीन लोगों की तरफ शांति से आता है, और फिर कुर्सी पर बैठे फारुख पर बिना किसी उकसावे के अचानक हमला कर देता है। इसके तुरंत बाद वह कुत्ता फारुख के पास में खटिया पर बैठे परिवार के एक अन्य सदस्य को पैर में काट लेता है।

See also  प्रदेश में पर्यटन को नई पहचान दिलाने हो रहे हैं निरंतर कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

फिर वहां से भागते वक्त कुत्ता थोड़ी दूरी पर खड़े परिवार के एक और सदस्य पर हमला कर देता है, पहली बार में जब वह शख्स बच जाता है तो कुत्ता दूसरी बार उस पर हमला करता है और इसके बाद वह तीसरी बार हमला करने के लिए बढ़ता है, लेकिन तब तक वहां फारुख लाल रंग की प्लास्टिक की कुर्सी लेकर आ जाता है और उस पर वार करता है, जिससे कुर्सी तो टूट जाती है, लेकिन कुत्ता एकबार फिर जबरदस्त तरीके से छलांग लगाकर फारुख पर हमला कर देता है, जिससे पीड़ित नीचे गिर जाता है। उसके बाद, परिवार के बाकी तीनों सदस्य ईंट व पत्थर मारते हुए कुत्ते को भगाने में कामयाब हो जाते हैं।

इस घटना का 27 सेकंड का एक वीडियो सामने आया है, लेकिन खास बात यह है कि हमले और बचाव की यह पूरी घटना मात्र 22 सेकंड में हो जाती है। उधर मामले की जानकारी देते हुए किशनगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी अमित कुमार ने PTI को बताया, ‘परिवार के कुछ सदस्य अपने घर के पिछले आंगन में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी एक आवारा कुत्ता उनकी तरफ आया और अचानक परिवार के एक सदस्य पर हमला कर दिया, जिसकी पहचान फारुख पटेल के रूप में हुई है। जब पीड़ित ने कुर्सी का इस्तेमाल करके उस आक्रामक कुत्ते को भगाने की कोशिश की, तो कुत्ते ने उस पर छलांग लगा दी और उसे काट लिया।’

See also  केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत की दिशा में होगा महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

कुमार ने आगे कहा, ‘सभी घायल लोगों को महू सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और टीके लगाए गए।’ उधर सिविल अस्पताल के डॉ. महेंद्र पाठक ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि चारों पीड़ितों को एंटी-रेबीज के टीके लगाए गए हैं और उन्हें टीके की अगली खुराक के लिए अगली तारीखें दे दी गई हैं।