महिला के साथ छेड़खानी, चलती रैपिडो बाइक से कूदी पीडिता

भारत की सिलिकॉन वैली कहलाने वाले बेंगलुरु में रैपिडो बाइक (Rapido bike) ड्राइवर ने महिला के साथ छेड़खानी की। बाइक ड्राइव करने के साथ ही ड्राइवर महिला के साथ गलत हरकत करने लगा। ड्राइवर ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। वह जबरदस्ती महिला को उसके द्वारा बताए जगह के बदले कहीं और ले जा रहा था। जान बचाने के लिए महिला चलती बाइक से कूद गई।

महिला की उम्र 30 साल है। पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना 21 अप्रैल की रात हुई थी। महिला ने इंदिरानगर में रैपिडो की सवारी बुक की थी। ड्राइवर रात 11:10 बजे उसके पास पहुंचा था। ड्राइवर ने OTP चेक करने के बहाने महिला का मोबाइल फोन ले लिया था। इसके बाद वह एयरपोर्ट की ओर बाइक ड्राइव करने लगा। इस दौरान उसने महिला के साथ गलत हरकत भी की।

महिला बोली- खुद को बचाने के लिए चलती बाइक से कूदी
महिला ने देखा कि ड्राइवर उसे गलत जगह ले जा रहा है तो उसने उसे टोका। ड्राइवर ने महिला को जवाब नहीं दिया और बाइक ड्राइव करता रहा। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने खुद को बचाने के लिए अंत में चलती बाइक से कूदने का फैसला किया था। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान दीपक के रूप में हुई है।

See also  अमित शाह ने लोगों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में शामिल होने की अपील की

डीसीपी पूर्वोत्तर लक्ष्मी प्रसाद ने कहा, “हमारे संभाग में यह पहला मामला है। हमारे आयुक्त ने महिलाओं और नागरिकों की सुरक्षा पर चर्चा करने के लिए सभी कैब एग्रीगेटर्स, बाइक टैक्सी सेवाओं और फूड डिलिवरी पार्टनर्स को बुलाया था।”

हैदराबाद का है आरोपी, बेंगलुरु पुलिस कर रही क्राइम रिकॉर्ड की जांच
लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि हमने IPC की धारा 354 और 366 के तहत केस दर्ज किया है। जब कंपनी किसी को हायर करती है तो उसे उसके बैकग्राउंड की जांच करनी चाहिए। आरोपी स्थानीय नहीं है। वह हैदराबाद का है और यहां पिछले 5 साल से बेंगलुरु में रह रहा है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि हैदराबाद में उसका कोई क्राइम रिकॉर्ड है या नहीं।