बिलासपुर जिले के कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। ग्राम रतखंडी में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा (CG11 AP 0618) ने सड़क किनारे चल रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला, जमुना गोड़ को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका मूल रूप से ग्राम मझवानी की रहने वाली थीं और रतखंडी में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सीधे वाहन के पहियों के नीचे आ गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया। उत्तेजित ग्रामीण मृतका के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेलगहना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। प्रशासन की ओर से तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने दुर्घटनाकारित हाईवा को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।