बिलासपुर में प्रीपेड मीटर लगाने का काम शुरू, तोरवा से की गई शुरुआत

बिलासपुर जिला में केंद्र सरकार के केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण ने सभी राज्यों में स्मार्ट डिजिटल मीटर लगाने की योजना बनाई है। प्राधिकरण ने उपभोक्ताओं के पोस्ट पेड मीटर बदलकर प्रीपेड मीटर लगाने के निर्देश दिए हैं। जिसके परिपालन में बिलासपुर शहर के तोरवा स्थित 33/11 केव्ही उपकेन्द्र से इस योजना की शुरूआत कर दी गई है।

 

बिलासपुर रीजन के तोरवा स्थित उपकेन्द्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता एके धर, अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगडे़ व जीनस कंपनी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधिवत रूप से प्रारंभ किया गया है। प्रथम चरण में तोरवा के पांच फीड़र में माडम लगाए गए, जो कि सिस्टम से आनलाईन कनेक्ट होकर रीडिंग भी देना शुरू कर दिया है।

 

इस संबंध में मुख्य अभियंता धर ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने की योजना बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसके क्रियान्वयन होने से विद्युत उपभोक्ताओं की सेवा में वृद्धि होगी। इसके साथ ही उन्हे बिल संबंधी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्मार्ट मीटर के लगने से उपभोक्ताओं को सही बिल मिल सकेगा और वे अपने बिल की निगरानी स्वयं कर सकेंगे। इस संबंध में जीनस कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर को मोबाइल के बैलेंस की तरह रिचार्ज करना होगा जितने रूपए का रिचार्ज मीटर में होगा उतनी राशि की ही बिजली का इस्तेमाल किया जा सकेगा। यदि रात के समय प्रीपेड का बैलेंस खत्म होता है तो तत्काल बिजली बंद नहीं की जाएगी। मीटर रिचार्ज करवाने के लिए लोगों को सुबह तक समय दिया जाएगा।

See also  कोरबा में डेंगू के रोकथाम के लिए उठाएं प्रभावी कदम, मंत्री देवांगन ने कलेक्टर को लिखा पत्र

 

सुबह तक इस्तेमाल की गई बिजली का बिल भुगतान रिचार्ज करने के बाद बैलेंस में से ही खुद ब खुद कट जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान कार्यपालन अभियंता अनुपम सरकार, मुख्तार, हेमंत चन्द्रा एवं जीनस कंपनी से प्रिंस शर्मा, अरविंद सिह, अतुल तिवारी, पवन पटेल व बिलासपुर नगर वृत्त के समस्त सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंतागण उपस्थित रहे।