दिल दहला देने वाली एक तस्वीर, नवजात के शव नोचकर खाता रहा कुत्ता और लोग खीचते रहे फोटो 

बिहार के मुजफ्फरपुर से दिल दहला देने वाली एक तस्वीर सामने आयी है.यहां एसकेएमसीएच अस्पताल में कुत्ते नवजात का शव नोचकर खा रहे थे और वहां मौजूद गार्ड और लोग तमाशबीन खड़े रहे थे. मानवता को शर्मसार करने वाली इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि कैसे एक कुत्ता नवजात के शव नोचकर खा रहा है, उसे खीच कर इधर-उधर ले जा रहा है. सबसे शर्मनाक बात ये है कि जब बच्चे के शव को कुत्ता नोच रहा था लोग खड़े होकर फोटो खीच रहे थे और वीडियो बना रहे थे. किसी ने कुत्ते से नवजात के शव को छीनने की कोशिश नहीं की. कुत्ता वहां घंटों तक बच्चे के शव को नोचता रहा लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने भी कुत्ते को भगाने की कोई कोशिश नहीं की.

अब जब इसका वीडियो वायरल हो रहा है तब अस्पताल प्रबंधन जांच की बात कह रहा है. प्रभारी अधीक्षक डॉक्टर सतीश कुमार ने कहा है कि नवजात का शव कुत्ते द्वारा नोचने का वीडियो सामने आया है. यह शव अस्पताल का नहीं है. यहां शव को विधि विधान से अंतिम संस्कार करने के लिए उसके परिजनों को सौंप दिया जाता है. इसके साथ ही नवजात के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बायो मेडिकल की भी व्यवस्था है.

See also  ब्रह्मोस का नया अवतार: 8500 KMPH की रफ्तार, S-400, THAAD और आयरन डोम भी नहीं रोक पाएंगे

‘दूसरे अस्पताल से फेंका गया शव’

प्रभारी अधीक्षक डॉक्टर सतीश इस मामले की जांच कराएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि एसकेएमसीएच का कुछ परिसर खुला है और आसपास में कुछ निजी अस्पताल भी हैं. हो सकता है बच्चे के शव को वहां से फेंका गया हो. मामले पर जांच कराकर जो दोषी होगा उसके खिलाफ कारवाई की जाएगी.

पहले भी मिला है शव और कंकाल

एसकेएमसीएच के एमसीएच वार्ड के पास बिहार पुलिस के एक सिपाही और गोस्वामी सीक्युरिटी एजेंसी के तकरीबन 4-5 गार्ड की नियुक्ति है. हैरत की बात है कि दिन में 10 से 12 बजे तक वहां भीड़ लगी रही और कुत्ता बच्चे के शव को नोचता रहा लेकिन एसकेएमसीएच प्रबंधन और ओपी की पुलिस इस दिल दहला देने वाली घटना से अनभिज्ञ रही.एसकेएमसीएच में यह पहली बार नहीं है कि नवजात बच्चे का शव परिसर में फेंका हुआ मिला है इससे पहले भी यहां कई बार बच्चे का शव इसी हाल में मिला है. इसके साथ ही यहां नरकंकाल भी मिला है.

See also  सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी: ममता बनर्जी को ED रेड मामले में फटकार