दरोगा बताकर पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही छात्रा से 2 साल तक रेप, शादी का झांसा देकर रखा था लिव इन रिलेशनशिप में

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के विकास भवन में तैनात पीआरडी जवान पर झांसी की रहने वाली एक छात्रा ने रेप का आरोप लगाया है। पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही छात्रा ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और दो साल से शारीरिक शोषण किया। पीड़ित छात्रा ने एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह झांसी की रहने वाली है और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी। दो साल पहले उसकी इंस्टाग्राम पर फतेहपुर के अमोली गांव के रहने वाले उदयभान नाम के युवक से दोस्ती हुई थी।

आरोपी ने खुद को यूपी पुलिस का दरोगा बताकर चित्रकूट में तैनात होने की बात बताई थी। जिसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। आरोपी उदयभान ने उससे शादी का झूठा वादा किया। उसको चित्रकूट बुलाकर लिव इन रिलेशनशिप में रखा और दो साल तक रेप करता रहा। उन दोनों के बीच रिश्ते का परिजनों को भी पता था। लेकिन कुछ दिन पहले उसने उदयभान पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने एक सप्ताह का समय मांगा। जब एक सप्ताह का समय पूरा हो गया तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया।

See also  उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नया बवाल खड़ा हो गया, सीतापुर MP राकेश राठौर ने संजय दीक्षित के खिलाफ मोर्चा खोला

एसपी बोले-मामले की जांच होगी

पीड़िता ने जब उसके घर के दूसरे नंबर पर फोन मिलाया तो आरोपी की पत्नी ने फोन उठाया। जिसके बाद उसे पता लगा कि उदयभान शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। वह दरोगा नहीं, बल्कि पीआरडी जवान है। सच्चाई जानकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित छात्रा ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह का कहना है पीड़ित महिला जिस शख्स पर आरोप लगा रही है, उस नाम का चित्रकूट जनपद में कोई दरोगा नहीं है। उसने जो बैच नंबर दिया है, उसकी जांच करवाएंगे। पीड़ित महिला ने इंस्टाग्राम से दोस्ती होने की बात बताई है। सभी बिंदुओं पर जांच कर साक्ष्य खोजे जा रहे हैं। पुलिस ने इससे ज्यादा जानकारी आरोपी के बारे में नहीं दी है।