13 वर्षीय छात्रा के साथ लंबे समय से दुष्कर्म, 5 शिक्षक गिरफ्तार, 7वी पढ़ने वाली पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताते ही मचा हड़कंप

ओडिशा के केद्रपाड़ा जिले से बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट स्कूल के पांच शिक्षकों को 13 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामला तब उजागर हुआ जब कक्षा 7 में पढ़ने वाली पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद छात्रा के पिता और जिला बाल कल्याण समिति ने अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, परिजनों का आरोप है कि छात्रा के साथ लंबे समय से गलत कृत्य किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद बाल कल्याण समिति ने 18 फरवरी को प्रारंभिक जांच शुरू की और 48 घंटे के भीतर मामले को राजकनिका पुलिस थाने को सौंप दिया। समिति की सदस्य स्वागतिका पात्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से भी अलग से जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

राजकनिका पुलिस स्टेशन के प्रभारी संजय मालिक ने बताया कि कानूनी प्रावधानों के तहत पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और मेडिकल परीक्षण कराया गया। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

See also  दिल्ली सड़क पर सनसनीखेज वारदात: अधेड़ शख्स पर लोहे की रॉड से हमला

घटना के विरोध में विपक्षी दल बीजेडी ने केद्रपाड़ा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।