“T20 टीम से ड्रॉप हुए क्रिकेटर पर BCCI की मेहरबानी, मिलेगा बड़ा अवॉर्ड, राहुल द्रविड़ भी होंगे सम्मानित”

 नई दिल्ली

भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली थी. टी20 टीम से बाहर किए जाने के बावजूद शुभमन को भारतीय क्रिकेट का बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार शुभमन को 15 मार्च को होने वाले भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के वार्षिक 'नमन अवॉर्ड्स' में 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

शुभमन गिल को यह सम्मान उनके 2025 में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया जा रहा है. टी20 इंटरनेशनल में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन टेस्ट और वनडे क्रिकेट में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की. वहीं टीम इंडिया के पूर्व कोच और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।

इंग्लैंड दौरे पर किया अविस्मरणीय प्रदर्शन
2025 में शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में शानदार फॉर्म दिखाया. उन्होंने कुल 9 टेस्ट मैचों में 70.21 की औसत से 983 रन बनाए. इनमें से ज्यादातर रन इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में आए, जहां शुभमन ने 4 शतकों की मदद से 754 रन बनाए. इस प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय टेस्ट टीम का सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बना दिया।

See also  ओवल में मुकाबला रोचक मोड़ पर, यशस्वी की टिकाऊ पारी से बदल सकता है खेल का रुख

साल 2025 में वनडे क्रिकेट में भी शुभमन गिल का बल्ला खूब चला. उन्होंने 11 ओडीआई मैचों में 49.00 की औसत से 490 रन बनाए. इसमें आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के अभियान में बनाए गए 188 रन भी शामिल थे, जहां उन्होंने टीम इंडिया की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।

हालांकि टी20 इंटरनेशनल में शुभमन गिल को संघर्ष करना पड़ा. एशिया कप के दौरान उन्हें टीम में वापस बुलाया गया और उप-कप्तान भी बनाया गया, लेकिन वह लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके. पिछले साल 15 टी20 इंटरनेशनल मैचों में शुभमन ने 291 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 24.25 और स्ट्राइक रेट 137.26 रहा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में भी उनका प्रदर्शन खराब रहा और तीन मैचों में वह सिर्फ 32 रन ही बना सके।

तीनों फॉर्मेट को मिलाकर शुभमन गिल ने साल 2025 में कुल 35 इंटरनेशनल मैचों में 1,764 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और 3 अर्धशतक शामिल रहे. इस दौरान उनका औसत 49.00 रहा. फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी शुभमन का प्रदर्शन शानदार रहा. IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2025 में गुजरात टाइटन्स (GT) की ओर से खेलते हुए उन्होंने 50 की औसत से 650 रन बनाए।

See also  फिडे महिला वर्ल्ड कप: प्री-क्वार्टरफाइनल में चारों भारतीय खिलाड़ी टाईब्रेक में पहुंचीं

शुभमन गिल को टी20 टीम से ड्रॉप करने का फैसला अंततः भारत के लिए फायदेमंद साबित हुआ. संजू सैमसन और ईशान किशन हालिया टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष दो बल्लेबाज रहे. दोनों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया.

अब शुभमन गिल की नजरें आईपीएल 2026 पर होंगी, जहां वह एक बार फिर गुजरात टाइटन्स की कप्तानी करते नजर आएंगे. गुजरात टाइटन्स अपना पहला मैच 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी. यह मुकाबला शुभमन के लिए टी20 फॉर्मेट में खुद को फिर से साबित करने का बड़ा मौका होगा।