श्रीनगर-लेह हाईवे पर बर्फीला कहर: एवलांच में 6 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

 श्रीनगर 

जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रीनगर और लेह हाईवे पर जोजिला दर्रे के पास भीषण हिमस्खलन हुआ है। एवलांच के कारण छह लोगों की मौत हो गई है और कई वाहन बर्फ और मलबे के नीचे दबे हैं।

मौके पर पुलिस प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को जोजिला दर्रे पर हिमस्खलन की चपेट में आने से छह लोगों की जान चली गई, वहीं कई लोग अभी भी फंसे हुए हैं। घटना के तुरंत बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को निकालने और मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और सड़क को यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भी इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स प्लेटफार्म पर लिखा, ''ज़ोजी ला में हिमस्खलन की दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिली है। मैंने कारगिल के डीसी और एसएसपी को तत्काल घटनास्थल का दौरा करने और राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। आपदा राहत बलों और बीआरओ सहित सभी सरकारी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहा हूं।''

See also  पाक आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने नफरत के बीच सच बताया: भारत चमचमाती मर्सडीज, पाकिस्तान कबाड़ ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, सीमा सड़क संगठन (BRO) और एसडीआरएफ ने लोगों को रेस्क्यू करने के लिए संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया है। यहां कम से कम 15 वाहन आंशिक रूप से बर्फ के मलबे में दबे हैं। लोगों को निकालने का काम जारी है। इस समय लेह-श्रीनगर मार्ग बाधित है।