जांजगीर-चांपा जिले 3 बदमाशों ने देर रात व्यवसायी के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है| घटना में दो भाइयों को गोली लगी है| जिसमें बड़े भाई को मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई | जब छोटे भाई के हाथ में गोली लगी है | इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। घटना बिर्रा थाना ग्राम करही की है|
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी लूट की नीयत से सभी बदमाश घर में दाखिल हुए थे। देर रात बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान बड़े बेटे आयुष कश्यप पर दो गोलियां चलाई गईं, जबकि छोटे बेटे आशुतोष कश्यप पर भी एक फायरिंग की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल आयुष कश्यप की मौत हो गई, वहीं आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लगी है। घटना के बाद घायल आशुतोष को तुरंत बिर्रा अस्पताल के बाद जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया था, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इस पूरे मामले को लेकर जांजगीर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच चुकी है और घटना की जांच में जुट गई है।