CG : घर घुसकर महिलाओं, बच्चों और परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट, लाठी-डंडों से लैस 15 से अधिक बदमाशों ने दरवाज़ा तोड़कर घुसे, सभी गंभीर रूप से घायल

कोरबा जिले के सीतामढ़ी इलाके में मंगलवार को 15 से अधिक बदमाशों द्वारा एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों से लैस आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और अन्य परिजनों के साथ मारपीट की, जिसमें नैना गोस्वामी और उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।

 


पीड़िता नैना गोस्वामी ने बताया कि मंगलवार को 15 से 20 की संख्या में बदमाश उनके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने नैना गोस्वामी, उनकी बहन, बच्चों और जीजा के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। पीड़ित पक्ष के अनुसार हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

See also  Breaking : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर Lock Down की संभावना, CM ने बुलाई आपात बैठक 

 

नैना गोस्वामी के शरीर पर हाथ, पीठ और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है। फुटेज में आरोपी घर में घुसते और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद से उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

 

परिवार ने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी फिर किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इस मामले पर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

See also  सत्ता के नशे में मदहोश समर्थकों को बुजुर्ग से की मारपीट और उसकी गाड़ी में फोड़ा बम