छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है। शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे एक हमाल की दिनदहाड़े डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सो रहे व्यक्ति के सिर पर लगातार लकड़ी के बत्ते से वार करता दिखाई दे रहा है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सोमवार दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक खौफनाक हत्या की वारदात सामने आई है। शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे एक हमाल की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे शहर को दहला दिया है।
ओवरब्रिज के नीचे हमालों और खानाबदोशों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे और आपसी रंजिश के कारण यहां अक्सर मारपीट की घटनाएं होती हैं। दिनदहाड़े हुई इस सरेआम हत्या से स्थानीय लोग दहशत में हैं। व्यापारियों और राहगीरों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह आवश्यक है।
थाना प्रभारी का तबादला
कोतवाली थाना क्षेत्र में हाल ही में हत्या, मारपीट और अन्य अपराधों में लगातार वृद्धि हुई है। पिछले सप्ताह सरेआम हत्या की यह दूसरी घटना सामने आई है। इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। एक हत्या की घटना के बाद कोतवाली थाना प्रभारी एम एबी पटेल को पद से हटाया गया। उनकी जगह कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी को कोतवाली थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एम एबी पटेल को कटघोरा भेजा गया है। पुलिस ने हत्या की घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है।