जांजगीर/पामगढ़ : तीन बड़े मंदिरों में 16.60 लाख का माल पार, चांदी के छत्र, मुकुट, सोने के आभूषण, दान पेटी शामिल, 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस ने मंदिरों में हुई सिलसिलेवार चोरी का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। नवागढ़ और बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के तीन बड़े मंदिरों को निशाना बनाकर चांदी के छत्र, मुकुट, सोने के आभूषण, दान पेटी और नगदी समेत करीब 16 लाख 60 हजार रुपये का माल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पामगढ़ थाना क्षेत्र के गाँव के है| मामले में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।

दरअसल, 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात चोरों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महंत स्थित चंडी दाई मंदिर और ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाया था। तीनों मंदिरों से चांदी के छत्र, नौ चांदी के मुकुट, सोने के जेवर, दान पेटी और नगदी रकम चोरी की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने खुद घटनास्थलों का निरीक्षण किया और साइबर टीम समेत नवागढ़ और बम्हनीडीह पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

See also  चरित्र शंका में पत्नी की गला घोटकर की थी हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, पति गिरफ्तार

 

 

पुलिस टीम ने करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले

पुलिस टीम ने घटना स्थल से लेकर आरोपियों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों तक करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में चार संदिग्ध एक मोटरसाइकिल पर नजर आए। साइबर तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने घुटिया गांव के प्रशांत पटेल, प्रभात पटेल और परमानंद पटेल को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा माल, इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे, जिसके चलते उन्होंने चोरी की साजिश रची थी।