महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद दिल दहला देने वाली और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। नागपुर के डिघोरी इलाके में स्थित एक किराए के फ्लैट से पुलिस ने 12वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।पीड़िता एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की बेटी है, जिसे आरोपी ने करीब 24 घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा था। पुलिस की छापेमारी में छात्रा लहूलुहान हालत में मिली, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नशीली चॉकलेट खिलाकर दरिंदगी, चाबुक और चाकू से किए वार
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह खौफनाक कदम पूरी तरह सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। आरोपी ने किशोरी को धोखे से नशीली गोलियां मिली चॉकलेट खिलाई, जिसके बाद वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी ने छात्रा के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर चाबुक तथा चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने दरिंदगी के दौरान आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बनाए ताकि पीड़िता को ब्लैकमेल कर सके। सोमवार देर रात जब पुलिस की टीम दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तो कमरे का मंजर देखकर सब दंग रह गए। छात्रा के पूरे शरीर पर चाकू और चाबुक से हमले के खौफनाक निशान थे।
मेडिकल जांच से भागा आरोपी, पुलिस को पासवर्ड देने से भी इनकार
गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी के सिर से हैवानियत का फितूर नहीं उतरा है। जब पुलिस टीम उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत डॉक्टरी जांच और मेडिकल टेस्ट के लिए ले जाने लगी, तो उसने सहयोग करने से साफ मना कर दिया। आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन छीन लिया था और अब पुलिस को अपने तथा पीड़िता के फोन का पासवर्ड बताने से इनकार कर रहा है। हालांकि, जांच टीम को आरोपी के कब्जे से पीड़िता की कई आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो, नशीली गोलियां और हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हो चुका है।
हवालात में दरिंदे के नखरे: नाश्ते में पिज्जा और सोने के लिए मांगा मखमली गद्दा
इतने संगीन और दर्दनाक अपराध को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। पुलिस कस्टडी में आरोपी ने हवालात (लॉकअप) की दीवारों और गंदे शौचालय पर आपत्ति जताई है। उसने पुलिस अधिकारियों से नाश्ते में पिज्जा, प्रीमियम भोजन, ऑल-आउट (मच्छर भगाने वाली रिपेलेंट) और सोने के लिए मखमली गद्दे की मांग की है। नागपुर पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।