छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से बड़ी खबर सामने आई है। दो बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से परेशान एक पिता अब परिवार के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया है। मामला भोथिया तहसील कार्यालय का है। आमापाली गांव निवासी संतोष पटेल ने जिला प्रशासन पर समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाते हुए तहसील कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल शुरू की है।
संतोष पटेल ने बताया कि, उनके दो बच्चें गुड़वनत्तिन पटेल की जन्म तिथि 12 अक्टूबर 2021 और दुर्गा पटेल की जन्म तिथि 15 नवंबर 2022 के जन्म पंजीयन एवं जन्म प्रमाण पत्र के लिए करीब तीन साल पहले ग्राम पंचायत में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया गया था। लेकिन परिवार का आरोप है कि बार-बार आवेदन और शिकायत के बावजूद आज तक दोनों बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए।

जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण बच्चों के आधार कार्ड, स्कूल में प्रवेश और शासन की योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होने की बात परिवार ने कही है।समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज संतोष कुमार पटेल ने पहले कलेक्टर जनदर्शन में भी शिकायत की थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब संतोष कुमार पटेल, उनकी पत्नी नेहा पटेल और परिवार के अन्य सदस्य बच्चों सहित तहसील कार्यालय भोंथिया परिसर के सामने में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों बच्चों का जन्म पंजीयन और जन्म प्रमाण पत्र तत्काल जारी किया जाए और मामले में जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। फिलहाल पूरा परिवार भूख हड़ताल पर बैठा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र का मामला कब तक सुलझता है।