जांजगीर-चांपा जिला के चांपा थाना में पुलिस की हिरासत में एक 30 वर्षीय युवक की तबियत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई| परिजनों को जानकारी होने के बाद वे बड़ी संख्या में थाना पहुँच गए| सभी कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया| स्थिति को देखते हुए थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को चांपा पुलिस ने बुधवार को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत हिरासत में लिया था। बुधवार को तबियत खराब होने के बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार की सुबह लगभग 8 : 30 बजे मौत हुई है। बताया जा रहा है कि चांपा थाने के एक प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षक ने युवक शिव के घर से 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ में बुधवार की दोपहर में पकड़ कर थाने लेकर आई थी। देर रात 10 बजे थाने में तबीयत बिगड़ने के बाद उसे पहले उपचार के लिए BDM अस्पताल में भेजा गया था वहां ईलाज के बाद 6 बजे जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक चांपा के मेहंदीपारा का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जबकि मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने पहुंच गए और घेराव किया। कुल्लू अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गया है। युवक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले पिता की मौत से पांचों बच्चों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
थाने के घेराव और बढ़ते आक्रोश के बीच एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अब मामले में पुलिस हिरासत के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ने और उसकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पर नजर है। फिलहाल घटना के कारणों और युवक की मौत की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।