दिल्ली से बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है. ट्रेन के S-1 कोच में सो रही मां के पास से खिसककर 9 महीने का मासूम चलती ट्रेन की इमरजेंसी खिड़की से नीचे गिर गया. घटना के बाद चलाए गए बड़े सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार दोपहर फतेहपुर के फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास मासूम का शव रेलवे ट्रैक किनारे बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.
दिल दहला देने वाला घटना, पोस्टमार्टम करने लायक नहीं बचा मासूम का शव, घर के बाहर खेल रहे बच्चे को 8-10 कुत्ते के झुण्ड ने किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के बेगूसराय जिले के सलोनी गांव निवासी मोहन अपनी पत्नी काजल और 9 माह के बेटे कनिष्क के साथ शुक्रवार को सीमांचल एक्सप्रेस के S-1 कोच (सीट संख्या 61 और 64) से दिल्ली से बिहार लौट रहे थे. कानपुर सेंट्रल से ट्रेन रवाना होने के बाद रात करीब 3:15 बजे काजल अपनी सास से फोन पर बात करने के बाद बच्चे को साथ लेकर मिडिल सीट पर सो गईं. इसी बीच मोहन ट्रेन के गेट की ओर चले गए.
तड़के करीब 4:17 बजे जब मोहन सीट पर वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि पत्नी अकेले सो रही थी और बच्चा गायब था. जगाने पर पत्नी ने बताया कि बच्चा उसके पास ही था, लेकिन ध्यान देने पर सीट के ठीक सामने वाली इमरजेंसी खिड़की खुली मिली.
Big Breaking News : 21 घण्टे बाद मिली मासूम का शव, माँ ने भी तोडा दम
नींद में खिसककर गिरने की आशंका
परिजनों ने आशंका जताई कि नींद में बच्चा पीछे की ओर खिसक गया और खुली खिड़की से सीधे चलती ट्रेन से नीचे गिर गया. दंपति ने तुरंत घटना की सूचना प्रयागराज जीआरपी को दी और प्रयागराज स्टेशन पर उतर गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने कानपुर से प्रयागराज के बीच रेलवे ट्रैक के आसपास सघन तलाशी अभियान शुरू किया.
फैजुल्लापुर स्टेशन के पास मिला शव
शनिवार दोपहर तलाशी के दौरान फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास मासूम कनिष्क का शव बरामद हुआ. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
दो दिन बाद बरामद हुआ हसदेव नदी में डूबे 10 माह के मासूम का शव