आज CJP के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर आज जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और जनपथ रोड समेत आस-पास के कई इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए है. BSF और पुलिस के करीब 38000 सुरक्षाकर्मी तैनात करके उन्हें सख्त निर्देश दिए गए हैं. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर आने वाली 75 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें आज रद्द रहेंगी. 45 मेट्रो स्टेशन भी आज बंद किए गए हैं और 10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं. इंडिया गेट के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में बीती रात रात 10 बजे इंटरनेट बंद कर दिया गया था, जो आज शनिवार की रात 10 बजे तक बंद ही रहेगा|
CJP फाउंडर अभिजीत दीपक का कहना है कि आज जंतर-मंतर पर हमारा आंदोलन होकर रहेगा. संविधान का अनुच्छेद 19 देशवासियों को विरोध प्रदर्शन करने का मौलिक अधिकार देता है, हमें गलत का विरोध करने का अधिकार देता है तो अपनी आवाज उठाने के लिए अनुमति लेने की क्या जरूरत है. अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो देशभर से कॉकरोच दिल्ली पहुंचेंगे. अगर दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोका तो जहां उन्हें रोका जाएगा, वहीं पर जंतर-मंतर बना दिया जाएगा.
आज दिल्ली के जंतर मंतर में CJP के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की गई है।
राजधानीवासी बेहद ज़रूरी काम न हो तो घर से बाहर ना ही निकले।
#JantarMantar #Delhi https://t.co/lHLdSkPFcA— Anshuman Sharma (@anshuman_sunona) October 10, 2026
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस (CP) की ओर आने वाले सभी प्रमुख रास्तों को बंद कर दिया गया है. मौके पर दिल्ली पुलिस की भारी तैनाती की गई है. कनॉट प्लेस में घुसे कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है.
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली से सटे सभी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. प्रदर्शनकारियों को दिल्ली में घुसने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ BSF के जवानों की भी तैनाती की गई है. बॉर्डर पर पुलिस और सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं. चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. बॉर्डर से गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है.
#WATCH मुंबई: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने कहा, “मुझे हैरानी होती है कि इस देश के प्रधानमंत्री देश के युवाओं और लोगों से इतना क्यों डरते हैं। सभी रेलवे सेवा बंद करने की क्या जरूरत थी? मेट्रो रोकने की क्या जरूरत थी? उन्होंने इंटरनेट बंद कर दिया और सड़कें ब्लॉक कर दीं। जम्मू-कश्मीर से सेना लाकर, उसे दिल्ली में तैनात किया। उन्होंने नक्सल-प्रभावित इलाकों से CRPF फोर्स बुलाई और उन्हें दिल्ली में तैनात किया। क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के साथ जंग छेड़ना चाहते हैं? क्या ज्ञानेश कुमार उनके लिए इतने खास हैं कि वे अपने ही नागरिकों पर पुलिस और सेना की ताकत का इस्तेमाल करेंगे?…”
उन्होंने आगे कहा, “PM मोदी डरे हुए हैं; उन्हें डर है कि इसके बाद देश के लोग उन्हें वोट नहीं देंगे। इसीलिए, सिर्फ सत्ता में बने रहने के लिए वे लोगों को ट्रेनों से उठा रहे हैं। सोसायटी में घोषणा करके लोगों को विरोध प्रदर्शन में शामिल न होने की चेतावनी दी जा रही है। दिल्ली पुलिस घरों में जाकर लोगों से विरोध प्रदर्शन में हिस्सा न लेने को कह रही है लेकिन हम क्यों न करें? विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है। आर्टिकल 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है और हम ठीक यही करने वाले हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, तो उन्होंने, “अगर वे मुझे हिरासत में लेना या गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो कर लें। मैं इसके लिए तैयार हूं; वे मुझे गिरफ्तार या हिरासत में ले लें। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। UAPA लगाएं, NSA लगाएं; जो चाहें करें। लेकिन हम आज़ाद और निष्पक्ष चुनाव और इस देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे।”
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 10, 2026
सुरक्षा एजेंसियों की कोशिश है कि आंदोलन में शामिल होने के लिए आने वाले प्रदर्शनकारियों की आवाजाही पर नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए. बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीमेंटेड दीवार बनाने की तैयारी भी की जा रही है. इसके लिए पत्थर के बैरिकेड मौके पर लाए गए हैं. आंदोलन से पहले दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा का घेरा मजबूत किया जा रहा है.
जंतर मंतर प्रोटेस्ट –
जनपथ मेट्रो स्टेशन के पास इकट्ठा कुछ लड़कों को दिल्ली पुलिस ने भगा दिया। बेरिकेड के पास भी पुलिस किसी को खड़े नहीं होने दे रही। कई बार तो मीडियाकर्मी भी इसके शिकार हो रहे हैं। https://t.co/Z5ftjFnHc8
— Sachin Gupta (@Sachingupta) October 9, 2026
CJP के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर आज दिल्ली में सुरक्षा इंतजाम बेहद कड़े रहेंगे. रेलवे स्टेशनों पर सबसे ज्यादा सुरक्षा बढ़ाई गई है और ट्रेनों से उतरने वाले या स्टेशन पर आने जाने वाले हर यात्री की चेकिंग के आदेश हैं. दिल्ली के होटलों में ठहरने वालों की चेकिंग करने के आदेश हैं. विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आने वाले हर शख्स पर पैनी नजर रखी जा रही है.