जनता कांग्रेस के आरके राय बीजेपी में शामिल, जोगी के निधन के बाद से बनाई थी दूरी 

Johar36garh News|पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी के विधायक रहे पूर्व पुलिस अधिकारी आरके राय अब जल्द ही जनता कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अब मेरा भाजपा प्रवेश केवल औपचारिकता की बात रह गई है। भाजपा में प्रवेश की शुरुआत मैंने कर दी है। आने वाले समय में और भी लोग भाजपा में जाएंगे।

आरके राय गुंडरदेही से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीते थे। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के समर्थक रहे श्री राय बाद में जोगी के साथ उनकी पार्टी में शामिल हुए थे। 2018 में उन्होंने छजकां की टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था।

अजीत जोगी के निधन के बाद से वे पूरी तरह पार्टी से कट गए थे, लेकिन हाल ही में मरवाही विधानसभा उपचुनाव को लेकर गरमाई राजनीति के बीच वे जोगी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं।

कांग्रेस एवं जकांछ में रहते हुए तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ आक्रामक बयानबाजी करने वाले आरके राय का अब कहना है कि कांग्रेस की दुर्गति देख रहे हैं। इस पार्टी से कोई लीडर सरकार से सहमत नहीं है। आम जनता भी कांग्रेस सरकार से त्रस्त हो चुकी है।

See also  चंदा देवी मल्टीस्पेशयलिटी हाॅस्पिटल के नवीन भवन का विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. रमन सिंह ने किया लोकार्पण

पूर्व विधायक श्री राय ने ये भी कहा कि अगर मैं चाहता तो कांग्रेस में भी प्रवेश कर सकता था, लेकिन मैं सत्ता के पीछे भागने वालों में से नहीं हूं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की प्रशंसा की। उनके साथ अन्य लोगों के भाजपा प्रवेश के बारे में उन्होंने कहा कि फिलहाल मैं अकेले जा रहा हूं। मैंने भाजपा में शामिल होने की शुरुआत कर दी है।