पामगढ़ में छात्र की अश्लील गाली के साथ बेरहमी से पिटाई, परिजन स्कूल पहुंचे तो आचार्य ने दी भविष्य ख़राब करने की धमकी

JJohar36garh News|जांजगीर जिला के पामगढ़ में एक मामूली बात पर सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के आचार्य ने एक छात्र की बांस के डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। हद तो तब हो गई जब परिजन  मारपीट की वजह जानने स्कूल पहुंचे तो उन्हें भी बच्चे का भविष्य खराब करने की धमकी देते हुए स्कूल से भगा दिया, परेशान परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में की है। जिसके बाद पुलिस ने आचार्य के खिलाफ धारा 294 506 323 भा द वि के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी का है।

16 वर्षीय छात्र ग्राम लोहर्सी का ही रहने वाला है, वह गांव के ही सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा ग्यारहवीं का छात्र है, घटना 22 मार्च की सुबह 10:30 से 11:00 के बीच की है। पीड़ित छात्र ने बताया की स्कूल में पुरानी टंकी के प्लास्टिक के नल को तोड़ने की बात को लेकर आचार्य ईश्वरी कश्यप ने उसे आड़े हाथों ले लिया। आचार्य ने छात्र को गंदी गंदी गाली देते हुए हाथ में रखे बांस के डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे छात्र के दोनों हाथ पैर जांघ व पीठ पर गंभीर चोट आई। मारपीट को अंजाम देने के बाद आचार्य ने छात्र को भगा दिया। छात्र घर पहुंचा और अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी परिजनों को दी। परिजन जब मारपीट की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे तो आचार्य ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया साथ ही बच्चे को स्कूल से निकालने और भविष्य खराब करने की धमकी दी।

See also  बिलासपुर में नॉर्मल डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा 

अपने साथ हुए अन्याय को लेकर परिजन  शिवरीनारायण थाना पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य ईश्वरी कश्यप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 294 506 323 भादवी के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच में ले लिया है।