राजधानी रायपुर के कोर्ट परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो सगे भाइयों के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित न्यायालय परिसर के सेकेंड फ्लोर पर हुई, जहां बड़े भाई और छोटे भाई के बीच हुए विवाद में एक पक्ष घायल हो गया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अश्वनी नगर निवासी संजय सोनी और राहुल सोनी किसी मामले के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और छोटा भाई घायल हो गया।
घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों द्वारा चाकूबाजी की आशंका जताई गई, लेकिन पुलिस ने फिलहाल चाकू से हमला होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद के दौरान बड़े भाई द्वारा छोटे भाई का सिर दीवार में मारने की बात सामने आई है, जिससे उसे चोट लगी। बताया जा रहा है कि यह घटना न्यायाधीशों के आवागमन वाले गलियारे के पास हुई, जिसके कारण कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के वास्तविक कारणों और चोट की प्रकृति को लेकर पुलिस जांच जारी है। सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट जैसे संवेदनशील परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।