उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले अहरौला थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति पर उसके खुद के नाबालिग बेटे ने 7वीं बार शादी करने का आरोप लगाया है. बता दें कि बेटे ने थाने में तहरीर दी है और पुलिस से हस्तक्षेप करने और पिता की शादी रुकवाने की गुहार लगाई है. नाबालिग बेटे ने पुलिस को बताया कि पापा, सातवीं बार शादी करने के लिए तैयार हैं, उन्हें रोक लो.
मामले को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय अमरजीत मौर्य पर आरोप है कि वह अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब वह 7वीं शादी करने की तैयारियां कर रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर अमरजीत के नाबालिग बेटे शनि मौर्य ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी. इससे पहले भी वह दो शादियां कर चुके थे और बाद में कई बार विवाह किया.
बेटे के अनुसार, अमरजीत मौर्य ने साल 2024 में छठवीं शादी की थी. जिसके बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पत्नी ने जमीन अपने नाम करने की मांग की. जिसके कारण ही दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा और जब जमीन उसके नाम नहीं की गई तो उसने जेवर की मांग की जिसके बाद वह घर छोड़ कर चली गई. वहीं, बेटे का आरोप है कि अब उसके पिता 7वीं शादी के लिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं और इसके लिए जमीन बेचने की भी तैयारी कर ली है.
7वीं शादी के लिए उधार
वहीं, अमरजीत के बेटे शनि ने यह भी बताया कि उसके पिता ने शादी के नाम पर किसी व्यक्ति से कम से कम 50000 रुपये एडवांस भी ले लिया है. उसने कहा कि परिवार की आधे से ज्यादा जमीन पहले से ही गिरवी रखी जा चुकी है. शनि ने आगे कहा कि अभी वह खुद 12वीं कक्षा का छात्र है और पिता के कर्ज के कारण और घर चलाने के लिए उसे मजदूरी करनी पड़ती है. उसने कहा कि हाल ही में वह अपनी परीक्षाएं देने के लिए घर आया था और तभी उसे अपने पिता की सातवीं शादी के बारे में जानकारी मिली.
गांव के लोग कर रहे चर्चा
इस मामले से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. गांव के लोग आपस में बाते कर रहे हैं. वहीं, गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया का भी बयान सामने आया है. उन्होंने बताया कि अमरजीत मौर्य पहले भी कई शादियां कर चुके हैं और यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं, अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि बेटे की तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है.