पामगढ़ : नहर में गिरी बारातियों से भरी अनियंत्रित कार, बच्चों समेत कुल 8 लोग थे सवार, देर रात हुई दुर्घटना

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में बारातियों से भरी कार अनियंत्रित होकर नहर में गिरकर पलट गई| इको कार में बच्चों समेत कुल 8 लोग सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी को मामूली चोटें आई हैं। हादसा रविवार रात करीब 11 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्राम मेहंदा में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर सभी लोग अपने गृह ग्राम लिमतरी, जिला बलौदाबाजार लौट रहे थे।  ग्राम कुटरा के पास नहर में विवाह समारोह से लौट रही एक इको कार अनियंत्रित होकर जा गिरी।

संयोग से जांजगीर से लौट रही पत्रकारों की टीम उसी रास्ते से गुजर रही थी। घायल महिलाओं ने मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पत्रकारों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम और पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

See also  Breaking : शिवरीनारायण में खड़े ट्रक से टकराया बाईक, 1 की मौत, दूसरा गंभीर

वहीं, हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह जांजगीर से बलौदाबाजार जाने वाला मुख्य मार्ग है, लेकिन नहर के पुल पर केवल एक तरफ ही सुरक्षा रेलिंग लगी हुई है, जबकि दूसरी तरफ रेलिंग नहीं होने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि पुल के दोनों ओर रेलिंग लगा दी जाए तो ऐसे हादसों पर काफी हद तक रोक लग सकती है। उनका यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले इसी स्थान पर दो बाइक सवार भी दुर्घटना का शिकार हुए थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।