दतिया उपचुनाव 2026: निर्वाचन तैयारियां तेज, मतदान बढ़ाने के लिए SWEEP अभियान ने पकड़ी रफ्तार

दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज

युवाओं ने दिया मतदान जागरूकता का संदेश, भाषण प्रतियोगिता आयोजित

दतिया

दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान कर्मियों, माइक्रो ऑब्जर्वरों एवं महिला मतदान दलों का प्रशिक्षण, केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ फ्लैग मार्च, शुष्क दिवस की घोषणा तथा स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से युवाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), दतिया में "यूथ चला बूथ की ओर" विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में अतिथियों ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका, मतदाता जागरूकता तथा मतदान के महत्व पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रभावशाली भाषण दिए तथा विशेष रूप से प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं से आगामी निर्वाचन में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

See also  शिमला, देहरादून, माउंट आबू से भी ठंडा रहा मप्र का इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी, भोपाल में पारा पहुंचा 9.6 डिग्री पर

घर-घर डाक मतपत्र मतदान के लिए मतदान दलों का प्रशिक्षण सम्पन्न

विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में डाक मतपत्र के माध्यम से घर-घर मतदान कराने के लिए नियुक्त मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मास्टर ट्रेनर मनोज द्विवेदी एवं प्रोफेसर सुधीर पांडे ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में मतदान की गोपनीयता बनाए रखने, चिन्हित सभी मतदाताओं का शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने, घोषणा-पत्र के सत्यापन, मतदान से पूर्व मतदाता को आवश्यक जानकारी देने तथा पूरी प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए कहा गया। साथ ही सेक्टर अधिकारी, माइक्रो ऑब्जर्वर, मतदान अधिकारियों, बीएलओ एवं सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारियों का भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

283 माइक्रो ऑब्जर्वरों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का दिया प्रशिक्षण

उपनिर्वाचन की निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 283 माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मास्टर ट्रेनर्स मनोज द्विवेदी एवं प्रोफेसर सुधीर पांडे ने मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष निगरानी, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन, रिपोर्टिंग व्यवस्था तथा संवेदनशील मामलों में सतर्कता बरतने संबंधी आवश्यक जानकारी दी।

See also  उज्जैन से इंदौर तक मेट्रो का सफर, पीथमपुर तक होगी विस्तारित लाइन

महिला मतदान कर्मियों को दो पालियों में दिया गया प्रशिक्षण

महिला मतदान कर्मियों (पीओ, पी-1, पी-2 एवं पी-3) का दो चरणों एवं दो पालियों में प्रशिक्षण न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह कुशवाह की उपस्थिति में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन, मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान कर्मियों की शंकाओं का समाधान करते हुए निर्वाचन कार्य पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन में थाना बसई एवं थाना उनाव पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

See also  कृषि मंत्री शिवराज ने सड़क पर तड़पते युवक को देखा, काफिला रुकवाकर खुद अस्पताल पहुंचाया

मतदान एवं मतगणना अवधि में रहेगा शुष्क दिवस

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेशानुसार दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 के लिए मतदान दिवस के लिए दतिया विधानसभा क्षेत्र एवं उससे लगे 3 किलोमीटर क्षेत्र में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। इसके अलावा मतगणना के दौरान भी संपूर्ण दिवस दतिया विधानसभा क्षेत्र में शुष्क दिवस प्रभावशील रहेगा।

स्वीप अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने ली मतदान की शपथ

स्वीप जागरूकता अभियान के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, पीतांबरा पीठ परिसर में मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को मतदान का संकल्प दिलाया तथा बच्चों से अपने अभिभावकों एवं परिवारजनों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।