उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र यानी डिप्रेशन ओडिशा तट से टकरा गया है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक रविवार की दोपहर डिप्रेशन बालासोर के पास उत्तर ओडिशा तट से टकरा गया. इसकी वजह से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के साथ ही आसपास के राज्यों में कई जगह भारी बारिश हो रही है. आईएमडी ने रविवार की शाम 5.30 बजे जारी अपने बुलेटिन में यह जानकारी दी है.
छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. ओडिशा में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बिहार में सोमवार को बिजली गिरने की भी आशंका जताई है.
मुंबई के लिए रेड अलर्ट
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है. मुंबई में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है. बारिश के चलते कई उड़ानें प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों की फ्लाइट भी काफी लेट हुई. मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने एक बयान जारी कर कहा कि सुबह खराब मौसम की वजह से रनवे का संचालन प्रभावित हुआ. मुंबई के कई इलाकों में महज पिछले 24 घंटे में 200 मिमी से अधिक और कुछ जगहों पर 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है.
आईएमडी के मुताबिक अगले 24 घंटों में डिप्रेशन के दक्षिणी झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसकी वजह से ओडिशा में कुछ जगह बहुत अधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होगी और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हाल के दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में आगे बढ़ा है.
IMD के मुताबिक गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं. इसके अलावा दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, और तमिलनाडु में भी कई जगहों पर बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. नॉर्थ ईस्ट के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है.
देश के बड़े हिस्से में मानसून सक्रिय है और इसके पूर्वी के साथ ही मध्य भारत में भी अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने के अनुमान हैं. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई जगह भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने मुंबई में 6 जुलाई को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है.
मौसम विभाग ने जुलाई महीने में भी औसत से कम बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. मौसम विभाग के मुताबिक जुलाई महीने में दीर्घकालिक औसत के मुकाबले करीब 94 फीसदी कम बारिश होने का अनुमान है. पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में डिप्रेशन के प्रभाव से सामान्य से अधिक वर्षा के अनुमान भी मौसम विभाग ने जताए हैं.