सूखे नारियल को न फेंकें, घर पर ऐसे बनाएं शुद्ध नारियल तेल

घर में पूजा-पाठ, त्योहार या किसी शुभ मौके पर सूखे नारियल लाए जाते हैं. अक्सर पूजा-पाठ के बाद ये सूखे नारियल बच जाते हैं. इन्हें स्टोर करने के लिए लोग फ्रिज में रख देते हैं, जिसकी वजह से कुछ समय बाद ही ये सख्त हो जाते हैं. जब नारियल बहुत सख्त हो जाता है, तो समझ नहीं आता कि इसका क्या किया जाए. कई लोग इसे बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं. लेकिन अगर आपके घर में भी ऐसा सूखा नारियल पड़ा है, तो उसे फेंकने से पहले दो बार जरूर सोचें.

दरअसल, जिस सूखे नारियल को आप बेकार समझ रहे हैं, उससे घर पर ही शुद्ध और खुशबूदार नारियल तेल तैयार किया जा सकता है. खास बात ये है कि आज हम आपको नारियल तेल निकालने का ऐसा तरीका बताने वाले हैं, जिसके लिए आपको किसी महंगी मशीन या खास गैजेट की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद मिक्सी और कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप सूखे नारियल से तेल निकाल सकते हैं. तो चलिए जानते हैं कि सूखे नारियल से घर पर तेल निकालने का आसान तरीका क्या है.

See also  प्रेग्नेंसी के दौरान मसूड़ों से खून आने से हैं परेशान, जानिए क्या ये है सामान्य

बनाने का तरीका:
1. घर पर नारियल तेल निकालने के लिए सबसे पहले सूखे नारियल को तोड़कर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इन टुकड़ों को पानी से भरे एक बड़े बर्तन में डालकर करीब 2 घंटे के लिए भिगोकर रख दें. इससे नारियल थोड़ा नरम हो जाएगा. ऐसा करने से उसे पीसना आसान रहेगा.

2. अब भीगे हुए नारियल के टुकड़ों को मिक्सी में डालें. इसमें जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी मिलाएं और अच्छी तरह पीसकर बारीक पेस्ट बना लें. ध्यान रखें कि पेस्ट जितना बारीक और स्मूद होगा, उससे दूध निकालना उतना ही आसान होगा.

3. अब इस तैयार पेस्ट को एक साफ मलमल के कपड़े में डालकर अच्छी तरह निचोड़ लें. इससे जो गाढ़ा सफेद लिक्विड निकलेगा, वो नारियल का दूध होगा.

4. दूध निकालने के बाद नारियल का बचे हुए बुरादे को फेंकने या बेकार समझने की जरूरत नहीं है. आप इसे सुखाकर चटनी, मिठाई या दूसरी रेसिपी में इस्तेमाल कर सकते हैं.

See also  Likes-Comments नहीं मिले तो बिगड़ जाता है Gen Z का मूड! स्टडी में सोशल मीडिया को लेकर चौंकाने वाला खुलासा

5. अब नारियल के दूध को किसी गहरे बर्तन में डालकर ढक दें और करीब 12 से 15 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इस दौरान नारियल की मलाई ऊपर जम जाएगी और पानी नीचे रह जाएगा.

6. अगले दिन ऊपर जब आप दूध को बाहर निकालेंगे तो उसके ऊपर सफेद और गाढ़ी लेयर जमी होगी. इसे चम्मच की मदद से बहुत ही ध्यान से निकाल लें. यही मलाई आगे चलकर नारियल के तेल में बदलेगी.

7. निकाली हुई नारियल की मलाई को एक भारी तले वाली कड़ाही में डालें और मीडियम आंच पर पकाएं. इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि मलाई कड़ाही के नीचे चिपके नहीं.

8. करीब 45 से 60 मिनट तक पकाने के बाद मलाई का सॉलिड हिस्सा धीरे-धीरे सुनहरा-भूरा होने लगेगा और ऊपर साफ तेल दिखाई देने लगेगा.

9. जब तेल पूरी तरह अलग हो जाए, तो गैस बंद कर दें. तेल को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर इसे मलमल के कपड़े या बारीक छलनी से छान लें.

See also  भारत में एक मात्र जगह, जहां दशहरे पर रावण नहीं, महिषासुर का होता है दहन, इसके पीछे अनोखी कहानी

आपका घर का बना नारियल तेल तैयार है. इसे सूखी कांच की बोतल में भरकर रखें. ध्यान रखें कि तेल में पानी या गीली चम्मच न जाए. इस तरह घर में पड़े पुराने सूखे नारियल को फेंकने के बजाय आप उससे तेल निकाल सकते हैं और उसका भरपूर इस्तेमाल कर सकते हैं.