CG : आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, खेत में धान की रोपाई के दौरान हुआ हादसा

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच बिलासपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कोनी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू निवासी धरमदास यादव (65 वर्ष) रविवार सुबह करीब 9 बजे अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए धरमदास यादव खेत के पास छांव की ओर जाने लगे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

See also  छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएसन का हुआ गठन

परिजनों और पुलिस को दी गई सूचना

घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने किसान को खेत में गिरा हुआ देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद कोनी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।