पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजे के बाद हिंसा का दौर जारी है। अब हावड़ा के शिबपुर इलाके की झुग्गी बस्ती में धमाके की खबर है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को कई देसी बमों के धमाके हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद भारी पुलिस बल और त्वरित कार्रवाई बल (RAF) की टीमों को तैनात किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट इतने जोरदार थे कि ईंटें हवा में उड़ गईं और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जानकारी के मुताबिक, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नेता मनोज खान इस बम हमले के मुख्य निशाने पर थे। उपद्रवियों ने अफरा-तफरी का फायदा उठाते हुए आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ की कोशिश भी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब सात देसी बम फटे और दो बार गोलियां भी चलीं।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और भारी मात्रा पुलिस बल को तैनात किया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
बता दें कि यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के महज कुछ दिन बाद हुई है। 4 मई को नतीजे आने के बाद राज्य में हिंसा की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। बुधवार रात को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक ( PA) चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलाव बाइक से आए थे, और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए।
गौरतलब है कि प्रदेश में हिंसा की बढ़ती घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। भाजपा ने इन घटनाओं के लिए टीएमसी पर सीधा आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि टीएमसी ने राज्य में ‘माफिया संस्कृति’ और ‘महाजंगल राज’ को बढ़ावा दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि पिछले 15 सालों से चुनाव नतीजों के बाद टीएमसी कार्यकर्ता भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं। भाजपा ने राज्यपाल और चुनाव आयोग से भी इन घटनाओं पर संज्ञान लेने की मांग की है। फिलहाल शिबपुर इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।