पामगढ़ में तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने कार को पीछे से मारी जोरदार टक्कर, कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे 4 प्रिंसिपल

जांजगीर जिला के पामगढ़ में मंगलवार सुबह अंकसूची लेने जा रहे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसला के प्राचार्य की कार को एक तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार में सवार चारों प्रिंसिपल सुरक्षित बच गए और एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुटराबोड़ की है|

 

जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को सुबह करीब 10 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसला के प्राचार्य अपनी टाटा कर्व कार क्रमांक CG11-BQ-7122 से सुरेन्द्र कुमार कश्यप, परदेशी लाल खूंटे और नारायण लाल कैवर्त्य के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 खोखराभाठा, जांजगीर 10वीं और 12वीं कक्षा की अंकसूची लेने जा रहे थे।

 

इसी दौरान ग्राम कुटराबोड़ में विद्या बर्मन के घर के सामने मेन रोड पर पीछे से आ रहे हार्वेस्टर चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

See also  CG : शादी में एसिड अटैक का बड़ा खुलासा, महिला गिरफ्तार, 7 सालों से संबंध के बाद दुल्हे ने प्रेमिका को छोड़ा

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुटी।