CG : शादीशुदा महिला और उसके बच्चे को घर लाने की जिद, पिता ने पुत्र पर टांगी से किया हमला, मौके पर मौत

सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के सुवारपारा में एक कलयुगी पिता ने अपने ही बेटे को प्रेम संबंध के विवाद के चलते टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। हत्या की खबर गांव में फैलते ही लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि सुवारपारा खेरवारपारा निवासी 22 वर्षीय शिव कुमार पैकरा का शादीशुदा महिला भुनेश्वरी बैरागी 20 वर्ष के साथ प्रेम संबंध था। महिला का एक बच्चा भी है, उसी के साथ नव वर्ष के पहले दिन बाहर से पिकनिक मनाकर रात को 7.30 बजे के लगभग वह अपने घर प्रेमिका के संग पहुंच गया। इसे देखकर घर वाले नाराज हो गए। वह अपनी प्रेमिका भुनेश्वरी और उसके बच्चे को अपने घर में रखने का जिद कर रहा था और शादीशुदा महिला से ही शादी करना चाह रहा था।

इसके बाद शिव कुमार का अपने माता-पिता से विवाद होने लगा, जिससे परिवार वाले नाराज हो गए और उसे वहां से ले जाने की बात करने लगे। इससे नाराज होकर शिव कुमार ने पहले अपनी माता वैजंती को मारने दौड़ाया तो वह घर छोड़कर भाग गई। फिर अपने पिता पर लकड़ी के टुकड़े से वार करने लगा, जिससे अपने आप को बचाने के लिए पिता ने घर के आंगन में टांगी से मारकर अपने ही बेटे को मौत के घाट उतार दिया।

See also  राहुल, अखिलेश, शिवराज के गढ़ किसके साथ-साल के अंत तक देश की 50 सीटों पर उपचुनाव होने हैं, सियासी हलचल तेज

विवाद के दौरान शादीशुदा महिला भुनेश्वरी अपने बच्चे के संग मौजूद थी, जो मारपीट को देखकर वहां से फरार हो गई। घटना के बाद रामजीत स्वयं गांव के सरपंच संजय सिंह को जाकर मामले की जानकारी दी और बताया कि उसका बेटा आंगन में गिरा पड़ा है। इसके बाद सरपंच ने पुलिस को घटना की खबर दिया। आरोपी पिता को बतौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।