बिलासपुर में पागल कुत्ते का आतंक, स्कूल में घुसकर छात्र को बनाया अपना शिकार, बचाने आई 2 शिक्षिका को काटा

न्यायधानी बिलासपुर में आवारा कुत्तों का आतंक अब सड़कों से निकलकर स्कूलों के सुरक्षित परिसर तक पहुंच गया है। शुक्रवार की सुबह सरकंडा क्षेत्र के खमतराई स्थित पीएम श्री प्राइमरी स्कूल में एक पागल कुत्ते ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। कुत्ते ने पहली कक्षा के एक मासूम छात्र समेत उसे बचाने आईं दो शिक्षिकाओं को काटकर लहूलुहान कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर नगर निगम की लचर व्यवस्था की पोल खोल दी है।

 

घटना शुक्रवार सुबह (2 जनवरी) की है। स्कूल में प्रार्थना समाप्त होने के बाद बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं की ओर जा रहे थे। तभी एक आवारा कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया। उसने पहली कक्षा के छात्र सावन लस्कर को दौड़ाया और उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे पर आंख के पास काट लिया।

 

बच्चे को कुत्ते के चंगुल में देख शिक्षिका सीता कश्यप उसे बचाने दौड़ीं, तो कुत्ते ने उन पर भी हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। इसके बाद, कुत्ते को दोबारा अंदर आने से रोकने के लिए जब दूसरी शिक्षिका शालिनी तिवारी गेट बंद करने गईं, तो कुत्ते ने उन्हें भी अपना शिकार बना लिया।

See also  छत्तीसगढ़ में 1 अगस्त से बढ़ सकती है जमीन की कीमत

 

स्कूल में हमले के बाद कुत्ता वहां से भागकर पास की सिद्धि विहार कॉलोनी की तरफ गया। वहां उसने रिटायर्ड हेडमास्टर हरनाम सिंह के बेटे को दौड़ाकर काट लिया। इसके अलावा, कुत्ते ने रास्ते में एक गाय पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पागल कुत्ता अब तक इलाके के करीब 10 लोगों को काट चुका है।

 

स्कूल के हेडमास्टर सरोज यादव ने अन्य स्टाफ की मदद से घायल छात्र और शिक्षिकाओं को तुरंत सिम्स (CIMS) अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। हेडमास्टर ने डीईओ (DEO), बीईओ (BEO) और नगर निगम के जोन कमिश्नर को पत्र लिखकर घटना की जानकारी दी है और कुत्ते को रेस्क्यू करने की गुहार लगाई है।