छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की फरसा मारकर हत्या कर दी गई। हत्या किसी और ने नहीं बल्कि गांव के ही एक अधेड़ उर्म के आरोपी ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। यह पूरा मामला चंदनू थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान नवागढ़ विधानसभा के ग्राम भदराली निवासी कन्हैया बंजारे (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव के ही बउवा चतुर्वेदी (65) और कन्हैया के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते बउवा ने आज गांव के चौक में कन्हैया पर फरसा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चंदनू थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इसी के साथ उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु कर दी है।