मेसी ने इंटर मियामी में किया बाउंडिंग! 2028 तक क्लब के साथ रहेंगे

मियामी
विश्व फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी ने इंटर मियामी के साथ अपना नया तीन साल का अनुबंध साइन कर लिया है। इस समझौते के साथ मेसी अब 2028 तक मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) में खेलते नजर आएंगे। यह घोषणा मियामी के प्लेऑफ ओपनर से ठीक एक दिन पहले की गई। मेसी की टीम, इंटर मियामी, ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस में तीसरे स्थान पर रहते हुए अब नैशविल के खिलाफ शुक्रवार को तीन मैचों की सीरीज़ के पहले मुकाबले की मेजबानी करेगी।

मेसी ने अपने बयान में कहा, “यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है कि मैं यहां रहकर इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ा रहा हूं, जो मेरे सपने के साथ-साथ अब एक खूबसूरत हकीकत बन चुका है — मियामी फ्रीडम पार्क में खेलना। जब से मैं मियामी आया हूं, मैं बेहद खुश हूं और इस सफर को जारी रखने के लिए उत्साहित हूं।” यह फैसला न केवल क्लब के लिए बल्कि पूरी एमएलएस लीग के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेसी पिछले सीजन में एमएलएस के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बने थे और इस सीजन भी वह इस खिताब के प्रबल दावेदार हैं। अगर वह दोबारा जीतते हैं, तो वे लीग इतिहास में केवल दूसरे खिलाड़ी होंगे जिन्होंने यह अवार्ड दो बार जीता हो — और पहले खिलाड़ी जो लगातार दो साल इसे जीतेंगे।

See also  दुबई एयरस्ट्राइक से बचकर निकले पीवी सिंधू के कोच, बोले- ‘हम सुरक्षित हैं, पर हालात डराने वाले थे’

इंटर मियामी के कोच जावियर माशेरानो ने कहा, “मेसी को खेलते हुए देखना और उन्हें आनंद लेते देखना अद्भुत है। वह बहुत प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं और टीम को प्रेरित करते हैं। जब हम मैदान पर सही काम करते हैं, तो सफलता की संभावना खुद-ब-खुद बढ़ जाती है।”

मेसी ने इस सीजन में 29 गोल दागे, जो एलएएफसी के डेनिस बोआंगा और नैशविल के सैम सर्रिज से पांच अधिक हैं। उनके नाम 19 असिस्ट भी दर्ज हैं। उनकी कुल 48 गोल सहभागिताएं एमएलएस के रिकॉर्ड 49 (कार्लोस वेला, 2019) से बस एक कम रहीं। उन्होंने एक और रिकॉर्ड बनाया — लगातार पांच मैचों में एक से अधिक गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने और 10 मैचों में मल्टी-गोल प्रदर्शन करने का नया लीग रिकॉर्ड भी बनाया।

38 वर्षीय मेसी के इस अनुबंध को उनके करियर का आखिरी पेशेवर अनुबंध माना जा रहा है। उन्होंने 2004 में बार्सिलोना के साथ 17 साल की उम्र में डेब्यू किया था। उन्होंने 2022 कतर विश्व कप में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाया और उसके बाद पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) से अनुबंध समाप्त कर इंटर मियामी का रुख किया था। अब तक मेसी इंटर मियामी के लिए 82 मैचों में 71 गोल और 27 असिस्ट कर चुके हैं और क्लब को लीग्स कप और एमएलएस सपोर्टर्स शील्ड जिताने में अहम भूमिका निभाई है।

See also  CWG 2026: मां बनने के बाद सीमा कालीरामना की दमदार वापसी, डिस्कस थ्रो में भारत के लिए जीता ब्रॉन्ज मेडल