छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों में पहुँचने वाला मानसून, कई इलाकों में जारी हुआ यलो अलर्ट

गर्मी और उमस से परेशान प्रदेशवासियों को दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों में यह छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा. परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है. वहीं प्रदेश में लोकल सिस्टम के कारण शनिवार को कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. अगले 5 दिनों तक बारिश, तेज हवा और बादल गरजने की गतिविधियां दक्षिण इलाके में बढ़ सकती है.

बिलासपुर में पारा पहुंचा 42.2 डिग्री

प्रदेश में शनिवार को चंद्रपुर में सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. देवभोग, बस्तर और नवागढ़ में पानी गिरा. इस बीच प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म शहर रहा, यहां पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा. वहीं सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सुरगुजा और बलरामपुर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी हुआ है.

See also  धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर जल्द होगा दूसरा कदम, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा देवगढ़, कोप्पल, आनंदपुरम, चेन्नई है. एक सीजनल द्रोणिका सूरतगढ़, रोहतक, रीवा, रांची, कैनिंग और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है. एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण झारखंड और उसके आसपास 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इनके प्रभाव से रविवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. वहीं कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चल सकता है. साथ ही वज्रपात के भी आसार हैं.

रायुपर में होगी बारिश?

रायपुर शहर के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है. रविवार को आसमान में बादल छाने, आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हालांकि बीते कुछ दिन में इसी तरह की संभावना जताई गई थी, लेकिन बारिश तो दूर, कहीं बूंदाबांदी तक नहीं हुई. ऐसे में गर्मी से राहत की उम्मीद लगाए बैठे लोगों की निराशा बढ़ती जा रही है.

See also  छत्तीसगढ़ प्रकृति, संस्कृति और प्रगति का संगम प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र