सांसद चंद्रशेखर आजाद आवास पर हुए हाउस अरेस्ट, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात, समर्थकों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश

सहारनपुर के देवबंद स्थित लालवाला गांव में ठाकुरों और दलितों के बीच जमीन पर हक को लेकर संघर्ष हो गया। दलितों का आरोप है कि उन पर एकतरफा लाठीचार्ज किया गया। वहीं ठाकुरों का कहना था कि जमीन उनकी है। चंद्रशेखर ने इस मामले में रविवार को लालवाला जाने की बात कही थी।

 

देवबंद के लालवाला जा रहे नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को रविवार तड़के चार बजे पुलिस ने उनके छुटमलपुर स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। सांसद चंद्रशेखर आजाद रात 11 बजे अपने आवास पहुंचे थे। उन्होंने कल ही लालवाला जाने की बात कही थी। इसके मद्देनजर कई थानों की पुलिस के साथ अधिकारी यहां पहुंच गए।

 

पुलिस की घेराबंदी की सूचना मिलते ही भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के समर्थक संसद के छुटमलपुर आवास पर पहुंच गए। हालांकि सुबह 10 बजे तक चंद्रशेखर अपने किसी समर्थक से नहीं मिले और घर के अंदर ही थे। इसके साथ ही भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन को भी पुलिस ने उनके फतेहपुर भादो स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर रखा है। अपने नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने पर समर्थकों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। बता दें कि शनिवार को देवबंद के लालवाला में जमीन के विवाद को लेकर ठाकुरों और अनुचित समाज के लोगों में संघर्ष हो गया था। इसे लेकर ही सांसद चंद्रशेखर आजाद ने वहां जाने की घोषणा की थी।

See also  जम्मू-कश्मीर विधानसभा में अनुच्छेद 370 को लेकर मचे कोहराम पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी

 

देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव लालवाला में स्थित दो बीघा जमीन को लेकर रविंद्र राणा और नरेश कुमार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को एक पक्ष ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया, तो दूसरे पक्ष ने इसका कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते कहासुनी पथराव में बदल गई। बवाल से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थिति बिगड़ती देख जनपद के कई थानों का फोर्स और पीएसी को बुलाना पड़ा।

 

दलित पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के नाम पर उन पर एकतरफा लाठीचार्ज किया गया। जबकि ठाकुर पक्ष का कहना है कि जमीन उन्होंने खरीदी हुई है। वहीं, बवाल में घायल हुए सुलेंद्र कुमार, नीरज, आकाश, राजकुमार, योगेश, सिब्बो, कलावती और सविता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

See also  बेसिक शिक्षकों के समायोजन की सूची जारी

एसपी देहात मयंक पाठक का कहना था कि लालवाला गांव में जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच हल्का पथराव हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। प्रकरण में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।