नवविवाहिता को जींस पहनने से ससुराल पक्ष ने किया मना, लगा ली फांसी, इलाके में फैली सनसनी, जाँच में जुटी पुलिस

मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां ससुराल में पहनावे को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती ससुराल पक्ष द्वारा जींस पहनने पर रोक लगाए जाने से मानसिक रूप से परेशान थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम गौरी प्रजापत था, जिसकी शादी कुछ साल पहले राहुल प्रजापत से हुई थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से पहनावे को लेकर विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि गौरी को जींस पहनना पसंद था, लेकिन ससुराल पक्ष इस बात का विरोध करता था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी.

घटना वाले दिन गौरी अपने कमरे में थी. काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो पति राहुल प्रजापत ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिजनों को शक हुआ और कमरे का दरवाजा खोला गया. अंदर का दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए. गौरी कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली.

See also  लोकसभा में अखिलेश बोले- भाजपा ‘नारी को नारा’ बनाने की कोशिश कर रही है

घटना की सूचना मिलते ही द्वारकापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में पहनावे को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के पीछे अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस परिजनों और करीबी लोगों के बयान दर्ज कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके.

एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.