CG : कार्यालय में घुसकर लोहे के पाइप से पटवारी पर हमला, नल-पाइप से जुड़े काम को लेकर हुआ था विवाद, विडियो हुआ वायरल, आरोपी की तलाश जारी

मरवाही तहसील के दानिकुंडी गांव में सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हल्का क्रमांक 26 के पटवारी शुद्धु राम कोल पर एक युवक ने कार्यालय में घुसकर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक पटवारी के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है।

 

मिली जानकारी के मुताबिक, पटवारी शुद्धु राम कोल दानिकुंडी स्थित अपने कार्यालय में राजस्व संबंधी कार्यों का निपटारा कर रहे थे। इसी दौरान संचरा टोला निवासी प्रकाश सिंह गोंड कार्यालय पहुंचा। बताया जा रहा है कि, गांव में नल-पाइप से जुड़े एक काम के लंबे समय से लंबित होने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर युवक ने कार्यालय में रखे लोहे के पाइप को उठाकर पटवारी के सिर पर वार कर दिया।

 

वायरल वीडियो में युवक पटवारी के ऊपर बैठकर मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हमले के बाद आरोपी कार्यालय से बाहर निकलकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल पटवारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सिर पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना के पीछे के कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

See also  डॉ.अंबेडकर विद्यार्थी संगठन जांजगीर जिला के आकाश बने सह सचिव

कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
दिनदहाड़े सरकारी कार्यालय में घुसकर पटवारी पर हुए हमले से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है। घटना ने सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।