जांजगीर जिले के थाना चांपा क्षेत्र का मामला पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर नियमित राशि जमा करने के नाम पर खाताधारकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को SP श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा करीब 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने की बात पूछताछ में सामने आई है। आरोपी की निशानदेही पर 03 मोबाइल, बैंक पासबुक एवं चेकबुक जब्त किए गए हैं।
₹3,000 की मासिक जमा राशि में किया गबन
प्रार्थी हेमंत कुमार देवांगन निवासी चांपा ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु एवं उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। आरोपी द्वारा पोस्ट ऑफिस में पैसा जमा करने पर अधिक लाभ मिलने का विश्वास दिलाकर आरडी खाता खुलवाया गया।
प्रार्थी से आरोपी द्वारा 01.09.22 से 12.02.26 तक कुल ₹1,21,200 जमा करने के नाम पर लिए गए, जिसकी एंट्री डायरी में की जाती थी। बाद में पोस्ट ऑफिस से प्राप्त जानकारी में खाते में मात्र ₹21,000 जमा होना पाया गया। इस प्रकार ₹1,00,200 की राशि खाते में जमा नहीं कर गबन एवं धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया।

पूछताछ में खुला करोड़ों की धोखाधड़ी का राज
रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 430/2026, धारा 316(5), 318(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु पिता राजेश गुप्ता, उम्र 39 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी की राशि खाते में जमा न कर गबन करने की बात स्वीकार की। साथ ही पोस्ट ऑफिस के लगभग 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने की बात भी सामने आई।
शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने की बात आई सामने
पूछताछ में आरोपी ने उक्त राशि को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है। पुलिस द्वारा आरोपी से 03 नग मोबाइल, पासबुक एवं चेकबुक जब्त किए गए हैं। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उनि भवानी सिंह चौहान, सउनि भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उनि रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे एवं थाना स्टाफ चांपा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।