मल्हार : प्रेमी के घर फंदे से लटकी मिली प्रेमिका की लाश, प्रेमी फरार, परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से किया इनकार, मचा बवाल

बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. युवती तीन दिन पहले धनगंवा गांव में रहने वाले अपने प्रेमी के घर गई थी, जहां शुक्रवार सुबह उसकी लाश कमरे के रोशनदान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है. वहीं परिजनों की शिकायत पर प्रेमी के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है.

 

मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार निवासी मल्लिका कुर्रे पढ़ाई के बाद घर पर ही रहती थी. जानकारी के अनुसार मल्लिका मंगलवार को मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. कुछ समय बाद धनगंवा निवासी उसके प्रेमी राजू लहरिया ने मल्लिका के परिजन को फोन कर बताया कि वह उसके घर पहुंच गई है और परिजन उसे घर ले जाएं. परिजन ने युवती के स्वयं घर छोड़कर जाने की बात कहते हुए उसे लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद मल्लिका राजू के घर पर ही रहने लगी.

See also  बेमौसम आफत की बारिश, जमकर तबाही मचाई, पेड़,विद्युत पोल व मोबाईल टॉवर हुए धराशायी

 

शुक्रवार सुबह राजू के घर के एक कमरे में मल्लिका की लाश रोशनदान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली. इसकी जानकारी राजू और उसके परिजनों ने आसपास के लोगों और कोटवार को दी. सूचना पर मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी धनगंवा पहुंचे और प्रेमी व उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे.

 

घटना के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया. देर रात तक शव वाहन में ही रखा रहा और परिजन चौकी के सामने धरने पर बैठ गए. परिजनों का आरोप है कि शादी से इनकार करने के चलते युवती की हत्या की गई है. वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्रेमी युवक राजू लहरिया पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है.

See also  सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने पर हुई कार्यवाही, 21,017 लोगों से 21,64,845 रूपए का कटा चालान

 

मृतका के जीजा ने बताया कि मल्लिका और राजू के बीच करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती राजू के साथ रहने पर अड़ी थी, जबकि राजू और उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे. बताया गया है कि मंगलवार को राजू के परिवार ने इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाइश दी और परिजनों की सहमति से विवाह की सलाह दी थी, लेकिन युवती अपने निर्णय पर अड़ी रही. फिलहाल पुलिस ने मामले में मृतिका के प्रेमी युवक राजू लहरिया पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.