शिवरीनारायण की बेटी राजलक्ष्मी बनीं मिस छत्तीसगढ़, प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया नगर का गौरव

बिलासपुर में न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित “मिस छत्तीसगढ़” प्रतियोगिता में शिवरीनारायण की प्रतिभाशाली बेटी राजलक्ष्मी केशरवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर नगर एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने निर्णायकों का दिल जीतते हुए मिस छत्तीसगढ़ का खिताब अपने नाम किया। विजेता बनने के बाद नगर आगमन पर राजलक्ष्मी का भव्य स्वागत किया गया।

 

उन्होंने अपने परिवार के साथ भगवान शबरी नारायण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मेला ग्राउंड स्थित रामायणा कैफेटेरिया में आयोजित सम्मान समारोह में सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने पुष्पहार और बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में 90 के दशक की प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री मंदाकिनी रहीं। उन्होंने राजलक्ष्मी केशरवानी को मिस छत्तीसगढ़ का ताज पहनाकर सम्मानित किया तथा प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और पांच हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

See also  धान से मिले पैसों से खुद के लिए वाहन खरीदेंगे-किसान गंगाराम

इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम पुरानी हिंदी फिल्म अभिनेत्रियों के लुक एवं स्टाइल पर आधारित थी। प्रतिभागियों ने अभिनय, वेशभूषा, व्यक्तित्व और मंच संचालन के माध्यम से पुराने सिनेमा की झलक प्रस्तुत की। राजलक्ष्मी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और आत्मविश्वास से सभी को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजलक्ष्मी केशरवानी एक अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना भी हैं। वे देश-विदेश के विभिन्न मंचों पर भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय नृत्य का प्रदर्शन कर चुकी हैं। भरतनाट्यम की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षिका के रूप में उन्होंने अनेक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देकर इस कला के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्यक्रम का सफल आयोजन न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन द्वारा किया गया। संस्था की आयोजक डॉक्टर श्रीमती उषा शर्मा के मार्गदर्शन में ऐसे प्रतिभा प्रोत्साहन कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है।