पीएम मोदी पर टिप्पणी पड़ी भारी! यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ महोबा में FIR दर्ज

 महोबा
 उत्तर प्रदेश के महोबा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी मामले में यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय फंस गए हैं। महोबा की सदर कोतवाली में अजय राय सहित उनके 30 समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बीजेपी जिला कार्य समिति के सदस्य नीरज रावत की तहरीर पर अजय राय के खिलाफ संगीन धाराएं लगाई गई हैं। महोबा पुलिस ने अजय राय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और रास्ता जाम कर सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज किया है।

नीरज रावत ने सदर कोतवाली में तहरीर देते हुए कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस नेता ब्रजराज अहिरवार ने अपने समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय के समद नगर मुहाल में एक कार्यक्रम रखा था। इस कार्यक्रम में बिना प्रशासनिक अनुमति के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को बुलाया गया। इस दौरान अजय राय के काफिले में शामिल गाड़ियों की वजह से आम रास्ते पर जाम लगा और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

तहरीर में कहा गया कि शांति-व्यवस्था कायम करने के लिए अधिकारियों को अपने काम छोड़कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना पड़ा। इस वजह से उनके सरकारी काम में बाधा पैदा हुई। इसके साथ ही अजय राय की तरफ से पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी कर गाली दी गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

See also  आज की रात निवेशकों के लिए निर्णायक, ट्रंप का अगला कदम बदल सकता है वैश्विक बाजार

महोबा के कोतवाली नगर पुलिस स्टेशन में भाजपा जिला कार्यकारी समिति के सदस्य और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता नीरज रावत द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, समद नगर इलाके में राजकुमार अहिरवार के आवास पर बिना पूर्व प्रशासनिक अनुमति के एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

नीरज रावत ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि अजय राय 15-16 वाहनों के काफिले और लगभग 25-30 समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। शिकायत में कहा गया है कि वाहनों को सार्वजनिक सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से पार्क किया गया था, जिससे कथित तौर पर यातायात में बाधा उत्पन्न हुई और निवासियों को असुविधा हुई।

इसमें आगे आरोप लगाया गया कि पुलिस और सरकारी कर्मचारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात आवागमन को विनियमित करने के लिए अपने निर्धारित कर्तव्यों को छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा। नीरज ने अजय राय पर कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ “आपत्तिजनक और अपमानजनक” टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया।

See also  UP में मकान बनाना पड़ा जेब पर भारी, सरिया-ईंट के दामों में तेज उछाल

शिकायत के अनुसार, कथित टिप्पणियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और निवासियों में आक्रोश फैल गया है। एफआईआर में आरोप लगाया गया कि कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान जाति आधारित संघर्ष को भड़का सकते हैं और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ सकते हैं। शिकायत के साथ सबूत के तौर पर उस पेन ड्राइव को भी जमा किया गया जिसमें कथित वायरल वीडियो मौजूद था।

महोबा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं, जिनमें धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 132 (लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 189(2) (गैरकानूनी सभा), 196(1) (समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) और 352 (शांति भंग करना) शामिल हैं। उसके तहत लखनऊ निवासी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, महोबा के पूर्व कांग्रेस कमेटी सचिव बृजराज अहिरवार और 25-30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि आरोपों के सत्यापन और शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत वीडियो साक्ष्य की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

See also  यूपी में बड़ा प्रशासनिक बदलाव: 30 PPS अधिकारी जल्द बनेंगे IPS, UPSC DPC ने दी मंजूरी

अजय राय पर कौन-कौन सी धाराएं लगाई गईं
महोबा की अपर एसपी वंदना सिंह ने बताया कि बीजेपी नेता की तहरीर के आधार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और ब्रजराज सिंह सहित 25 से 30 अज्ञात समर्थकों पर बीएनएस की धारा 126(2), 352, 196(1), 189(2) और 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने भी कथित तौर पर पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसे लेकर बीजेपी नेताओं की तरफ से सदर कोतवाली में ही केस दर्ज कराया गया था। अब फिर से पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद बीजेपी नेताओं में आक्रोश है और सीधे तौर पर कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए जा रहे हैं।