सांप लेकर युवक पहुंचा हॉस्पिटल, डॉक्टर से कहा इसने मुझे काटा है, सांप देखकर मचा हड़कंप 

Johar36garh (Web Desk)|सूरजपुर जिले प्रतापपुर के खेत में हल चला रहे एक युवा किसान को सांप ने डस लिया तो उसने सांप को ही पकड़ लिया। फिर उसे बोरे में भरकर सीधा अस्पताल पहुंच गया। वह डॉक्टर से मिला और कहा कि मुझे सांप ने डस लिया है, सांप को मैंने इस बोरे में रखा है। यह सुनते ही डॉक्टर व वहां मौजूद अन्य स्टाफ सन्न रह गए।
इसके बाद युवक का इलाज शुरु किया गया, सांप का जहर शरीर में न फैलने की वजह से उसकी जान बच गई। युवक ने सांप को इसलिए पकड़ा था ताकि पता चल सके कि उसे किस सांप ने डसा है।


सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत चलगली क्षेत्र निवासी राजमोहन युवा किसान है। वह 2 दिन पूर्व सुबह हल से खेत की जोताई कर रहा था। इसी बीच उसे एक सांप ने डस लिया। इसी बीच उसने सांप को पकड़ लिया और घर पहुंचकर बोरे में भरकर बांध दिया।

See also  अकलतरा में पिकअप ने बाइक को मारी ठोकर, 1 की मौत, दूसरे को मामूली चोट

इसकी जानकारी उसने सरपंच को दी और उसकी मदद से प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। उसने ड्यूटी पर रहे डॉक्टरों से कहा कि उसे सांप ने डस लिया है।
फिर उसने बोरे को दिखाते हुए कहा कि सांप को पकडक़र उसने इसमें भर कर रखा है। ये सुनते ही डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के होश उड़ गए। इसके बाद युवक का इलाज शुरु किया गया। जब उसकी हालत ठीक हो गई तो उसी दिन उसे घर भेज दिया गया।
डॉक्टरों ने जब युवक से सांप को पकडऩे के बारे में पूछा तो उसने बताया कि किस सांप ने उसे डसा है, यह जानने के लिए उसने उसे पकड़ लिया था। वहीं डॉक्टरों को कहना था कि सांप का जहर शरीर में नहीं फैल पाया और सही समय पर उपचार के कारण युवक को बचा लिया गया।